Border 2 : फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में दिलजीत दोसांझ को कास्ट किए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनका कहना है कि यह फैसला गलत है, क्योंकि दिलजीत ने हाल ही में अपनी पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हनिया आमिर के साथ काम किया था, जिसे FWICE ने राष्ट्र विरोधी कदम करार दिया और बाद में दिलजीत पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
‘Border 2’ 1997 की हिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जिसमें सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत ने काम किया था। फिल्म का निर्माण टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स मिलकर कर रहे हैं और यह 23 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली है।
FWICE ने ‘बॉर्डर 2’ के निर्माताओं को पत्र लिखा
FWICE ने भूषण कुमार, जेपी दत्त, निधि दत्त और निर्देशक अनुराग सिंह को पत्र लिखकर कहा है कि दिलजीत को कास्ट करना FWICE के आदेश का उल्लंघन है, जिसमें पाकिस्तानी कलाकारों के साथ किसी भी तरह का संबंध न रखने को कहा गया है। फेडरेशन ने कहा कि इस तरह का फैसला देश की भावनाओं और सैनिकों के बलिदान का अपमान है। हाल ही में ‘बॉर्डर 2’ जैसी देशभक्ति वाली फिल्म में ‘दुश्मन देश’ के कलाकार के साथ काम कर चुके अभिनेता को कास्ट करना गलत संदेश देता है। अंत में, FWICE ने निर्माताओं से दिलजीत को कास्ट करने पर पुनर्विचार करने और देश के साथ एकजुटता दिखाने की अपील की है, क्योंकि वे राष्ट्र को सबसे पहले रखते हैं और बाकी फिल्म इंडस्ट्री से भी यही उम्मीद करते हैं।
दिलजीत दोसांझ विवादों में
सोमवार को दिलजीत दोसांझ ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘सरदारजी 3’ का ट्रेलर शेयर किया और बताया कि यह फिल्म 27 जून को सिर्फ विदेश में रिलीज होगी। ट्रेलर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘सरदारजी 3’ 27 जून को सिर्फ विदेश में रिलीज हो रही है, लेकिन जल्द ही उनके पोस्ट का कमेंट सेक्शन नाराज लोगों से भर गया। कई भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तान और भारत के बीच चल रहे तनाव के बीच एक पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम करने पर दिलजीत के प्रति अपनी नाराजगी और गुस्सा जाहिर किया।







