मध्य प्रदेश के रतलाम जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां पुलिस ने ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों युवक अलग-अलग राज्यों से ताल्लुक रखते हैं। एक महाराष्ट्र के नागपुर से है और दूसरा गुजरात के राजकोट से। इनके पास से 440 ग्राम एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स, दो मोबाइल फोन और 3000 रुपये नकद जब्त किए गए हैं। पकड़े गए ड्रग्स की कीमत लगभग 4 लाख 42 हजार रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
रतलाम एसपी अमित कुमार ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक करमदी गांव के आसपास झाबुआ रोड पर ड्रग्स सप्लाई करने आते हैं। सूचना के अनुसार, दोनों नमकीन क्लस्टर क्षेत्र में एमडीएमए बेचने आने वाले थे। इसी जानकारी के आधार पर एएसपी राकेश खाखा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अनुराग यादव और उनकी टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गुजरात और महाराष्ट्र से संबंध, मंडसौर से लाए थे ड्रग्स
पुलिस ने गिरफ्तार युवकों की पहचान 36 वर्षीय भावेश भाई रावल पिता जितेन्द्र रावल निवासी हरिओम सोसायटी, मोरवी जिला राजकोट (गुजरात) और 25 वर्षीय अल्पेश परघारमोर पिता सुरेश परघारमोर निवासी नहरा बस्ती, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे ये ड्रग्स मंदसौर जिले के दलौदा क्षेत्र से लेकर आए थे और गुजरात ले जाने की फिराक में थे। पहले भी ये दोनों रतलाम आकर ड्रग्स की तस्करी कर चुके हैं।
पूछताछ जारी, पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इससे पहले ये कितनी बार रतलाम या आसपास के इलाकों में ड्रग्स सप्लाई कर चुके हैं और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस टीम में एएसआई शिवनाथ सिंह राठौर, हेड कांस्टेबल अमित त्यागी, सुधीर सिंह और दिलीप रावत जैसे अधिकारी शामिल थे। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है क्योंकि एमडीएमए जैसे खतरनाक ड्रग्स का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है।







