तेलुगू सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव नहीं रहे, सुबह 4 बजे ली आखिरी सांस

By: MPLive Team

On: Sunday, July 13, 2025 11:41 AM

तेलुगू सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव नहीं रहे, सुबह 4 बजे ली आखिरी सांस
Google News
Follow Us
---Advertisement---

तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर आई है जिसने पूरे देश के सिनेप्रेमियों को झकझोर दिया है। दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का रविवार 13 जुलाई को सुबह 4 बजे हैदराबाद स्थित उनके घर पर निधन हो गया। वे 83 साल के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। कोटा श्रीनिवास राव को उनके दमदार खलनायक किरदारों के लिए जाना जाता था। उन्होंने थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की थी और फिर तेलुगु सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई थी। उनकी मौत ने न सिर्फ साउथ सिनेमा को बल्कि पूरे भारतीय फिल्म उद्योग को गमगीन कर दिया है।

बचपन में थे डॉक्टर बनने की चाह, लेकिन बन गए कलाकार

कोटा श्रीनिवास राव का जन्म 10 जुलाई 1942 को आंध्र प्रदेश के कंकिपाडु गांव में हुआ था। उनके पिता सीता राम अंजनेयुलु पेशे से डॉक्टर थे और कोटा भी बचपन में उनके जैसा ही बनना चाहते थे। लेकिन कॉलेज के दिनों में थिएटर से जुड़कर उन्हें अभिनय से लगाव हो गया और यहीं से उनके सफर की शुरुआत हुई। उन्होंने कुछ समय स्टेट बैंक में भी काम किया लेकिन उनका दिल अभिनय में ही बसता था। 1978 में उन्होंने ‘प्रणम खरेदु’ फिल्म से डेब्यू किया और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

राजनीति में भी आजमाया हाथ, फिर लौटे अभिनय में

कोटा श्रीनिवास राव ने सिर्फ अभिनय ही नहीं किया बल्कि वे राजनीति में भी सक्रिय रहे। 1990 के दशक में वे बीजेपी में शामिल हुए और 1999 में विजयवाड़ा से विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक भी बने। हालांकि, उन्होंने कभी अभिनय को नहीं छोड़ा और अपने हर किरदार में जान डाल दी। वे अब तक 700 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके थे और उनकी सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वे चाहे खलनायक हों या चरित्र अभिनेता, हर भूमिका में दर्शकों का दिल जीत लेते थे। कुछ समय पहले उनकी मौत की झूठी खबरें भी फैली थीं जिन्हें उन्होंने खुद वीडियो जारी कर खंडन किया था।

चंद्रबाबू नायडू और फिल्म इंडस्ट्री ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कोटा श्रीनिवास राव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “लगभग चार दशकों तक सिनेमा और थिएटर में अपने बहुआयामी अभिनय से लोगों का दिल जीतने वाले प्रसिद्ध अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन अत्यंत दुखद है। उनके निभाए गए खलनायक और चरित्र भूमिकाएं आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा हैं। उनका जाना तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने राव के परिवार को भी अपनी गहरी संवेदनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी फिल्मी सितारे और प्रशंसक उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

For Feedback - devendra.abpnews@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment