बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी में सोमवार को पहली बार देहदान के साथ नेत्रदान का अनूठा उदाहरण सामने आया। 88 वर्षीय प्रेमा देवी सिंघल का रविवार रात 8.40 बजे निधन हो गया। परिवार ने पहले उनके नेत्रदान किए और बाद में उनकी देह मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट को दान कर दी।
पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया
मधुबन कॉलोनी स्थित उनके आवास पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। प्रेमा देवी पिछले पांच साल से अपनी बेटी और दामाद जगदीश गुप्ता के साथ बड़वानी में रह रही थीं।
देहदान करने वालों को गार्ड ऑफ ऑनर देने की घोषणा
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक जुलाई से देहदान करने वालों को गार्ड ऑफ ऑनर देने की घोषणा की थी। हालांकि, एसपी जगदीश डावर को इस आदेश की जानकारी नहीं थी। सामाजिक कार्यकर्ता अजीत जैन द्वारा एसपी को मुख्यमंत्री के आदेश की प्रति दिखाने के बाद ही पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। कार्यक्रम में कुछ अव्यवस्थाएं भी रहीं।
डेढ़ घंटे देरी से पहुंची एंबुलेंस
मुस्कान ग्रुप की एंबुलेंस निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। उस समय कोई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं था।
सामाजिक कार्यकर्ता अजीत जैन ने बताया कि दान पत्र तभी स्वीकार किया जाएगा जब उस पर पति/पत्नी, माता-पिता, भाई-बहन या बच्चों के हस्ताक्षर हों।