धर्मांतरण और हवाला लेनदेन से जुड़े केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार तड़के सुबह 5 बजे से बड़ी कार्रवाई शुरू की। यूपी के बलरामपुर में 12 और मुंबई में 2 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। ईडी की टीमें कुल 14 स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं। यह कार्रवाई छांगुर बाबा उर्फ जलालुद्दीन से जुड़े धर्मांतरण और हवाला लेनदेन केस में की गई है। मामले में वित्तीय लेनदेन की परतें खुलने के बाद ईडी ने ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की ताकि फंडिंग के नेटवर्क को समझा जा सके और आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।
मुंबई में शहजाद शेख के ठिकानों पर छापा
ईडी की टीमें मुंबई में शहजाद शेख के दो ठिकानों पर विशेष रूप से पहुंचीं। इनमें बांद्रा ईस्ट स्थित कनाकिया पेरिस की 20वीं मंजिल पर एफ विंग और माहिम वेस्ट में गेब्रियल बिल्डिंग, पीतांबर लेन के पास रिजवी हाइट्स सीएचएस का फ्लैट नंबर 502 शामिल हैं। छापे के समय शहजाद शेख बांद्रा वाले घर पर मौजूद थे, जहां ईडी की टीम उनसे पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी नवीन के बैंक अकाउंट से शहजाद शेख के अकाउंट में करीब दो करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ था। इस लेनदेन के पीछे की कड़ी और इसमें हवाला एंगल की जांच की जा रही है।

नीतू और नवीन के बैंक खातों की जांच तेज
इस मामले में छांगुर की महिला मित्र नीतू उर्फ नसरीन और नवीन के विभिन्न बैंक खातों की ईडी गहनता से जांच कर रही है। जांच के दायरे में नीतू के बैंक ऑफ इंडिया, पेटीएम बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और एसबीआई के खाते शामिल हैं। वहीं, नवीन के भी कई बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है। इनमें पेटीएम बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक के खाते शामिल हैं। इन खातों में हुए संदिग्ध लेनदेन की ट्रेल खंगाली जा रही है ताकि हवाला चैनल का पूरा नेटवर्क सामने आ सके और यह पता लगाया जा सके कि इन पैसों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य के लिए किया गया।
विदेशी बैंक खातों पर भी ईडी की नजर
ईडी की जांच के दौरान नवीन घनश्याम रोहरा के नाम पर विदेशी बैंक खातों के दस्तावेज भी मिले हैं, जो ईडी की रडार पर हैं। इन खातों में एक्सिस बैंक (Vostro Account अल नहदा 2 शारजाह), एसबीआई (NRE/NRO), एचडीएफसी बैंक (EMIRATES NBD BANK PJSC – Vostro Account), एक्सिस बैंक (Mashreq Bank दुबई – Vostro Account), एमिरेट्स NBD बैंक और फेडरल बैंक यूएई (Vostro Account) शामिल हैं। इसके अलावा अल अंसारी एक्सचेंज का INR अकाउंट और आईसीआईसीआई बैंक का विदेशी अकाउंट भी जांच के दायरे में है। ईडी को आशंका है कि इन विदेशी खातों के माध्यम से हवाला के जरिए फंडिंग की जा रही थी, जो धर्मांतरण गतिविधियों में इस्तेमाल हो सकती है। ईडी इस दिशा में सभी बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य खंगाल रही है ताकि इस पूरे रैकेट की सच्चाई सामने लाई जा सके।







