Monsoon Session Begins: 21 जुलाई सोमवार से संसद का मानसून सत्र शुरू हो गया है। इस सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद परिसर से मीडिया के माध्यम से देश को संबोधित किया। उनके भाषण में देश की सैन्य ताकत, अर्थव्यवस्था, अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियां और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जैसे कई मुद्दे प्रमुख रहे। उन्होंने इस सत्र को “विजय का उत्सव” बताया और कहा कि यह देश की उपलब्धियों को साझा करने का समय है।
अंतरिक्ष में फहराया गया तिरंगा, देश को गर्व
प्रधानमंत्री ने भारत के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा फहराने को देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं है बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा भी है। मोदी ने कहा कि यह सफलता हर भारतीय के चेहरे पर मुस्कान लाने वाली है और संसद में सभी सांसद इसे एक स्वर में सराहेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर से दिखाई भारतीय सेना की ताकत
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने आतंकियों के आकाओं के घरों को केवल 22 मिनट में ध्वस्त कर दिया और यह 100 प्रतिशत सफल अभियान रहा। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन ने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य शक्ति का नया रूप दिखाया और ‘मेड इन इंडिया’ हथियारों के प्रति वैश्विक आकर्षण को भी बढ़ाया है।
आर्थिक सुधारों की कहानी: भारत अब आगे बढ़ रहा है
प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि 2014 में जब उनकी सरकार आई थी तब भारत ‘फ्रैजाइल फाइव’ की श्रेणी में था। उन्होंने बताया कि तब भारत दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था लेकिन आज भारत तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है। पीएम ने इसे देश के लिए आर्थिक सफलता की कहानी बताया और कहा कि ये बदलाव सभी के प्रयासों का परिणाम है।
नक्सलवाद की हार, संविधान की जीत
नक्सल प्रभावित इलाकों पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के कई जिले नक्सलवाद से मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने इसे भारतीय संविधान की जीत बताया और कहा कि आज के ‘रेड कॉरिडोर’ हरे-भरे विकास क्षेत्रों में बदल रहे हैं। पीएम मोदी ने इसे सुरक्षा बलों की निष्ठा और सरकार की मजबूत नीति का परिणाम बताया।







