गुजरात में पकड़े गए AQIS (अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट) आतंकी मॉड्यूल को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की सेना और आईएसआई के इशारे पर भारत में सक्रिय था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान यह मॉड्यूल सोशल मीडिया के ज़रिए एक विशेष समुदाय को पाकिस्तान के पक्ष में भड़काने का काम कर रहा था। इसका उद्देश्य भारत में अस्थिरता फैलाना और पाकिस्तानी एजेंडे को बढ़ावा देना था।
सोशल मीडिया के ज़रिए फैलाई जा रही थी जहरीली सोच
इस मॉड्यूल का प्रमुख लक्ष्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘ऑपरेशन बुन्नियान उल मर्सूस’ के समर्थन में माहौल बनाना था जो कि पाकिस्तानी सेना का एक अभियान था। आतंकियों ने भारत विरोधी सामग्री फैलाकर युवाओं को कट्टरपंथी बनाने का प्रयास किया। वे लगातार पाकिस्तानी सेना और ISI के संपर्क में थे और दो सोशल मीडिया अकाउंट्स के ज़रिए गोपनीय जानकारियां भेज रहे थे। इन खातों से उन्हें निर्देश भी मिलते थे।

ओसामा और असीम उमर के वीडियो से युवाओं का ब्रेनवॉश
आतंकी सोशल मीडिया पर ओसामा बिन लादेन और मौलाना असीम उमर @ सना उल हक जैसे आतंकियों के जिहादी वीडियो शेयर कर रहे थे। इन वीडियो का इस्तेमाल युवाओं को ब्रेनवॉश करने के लिए किया जा रहा था। इस मॉड्यूल का नेतृत्व मोहम्मद फैज़ कर रहा था जो दिल्ली में एक फास्ट फूड चेन में मैनेजर के रूप में काम करता था। पढ़ा-लिखा और तकनीकी रूप से दक्ष फैज़ तीन अन्य युवकों को साथ जोड़कर इस खतरनाक साजिश को अंजाम दे रहा था।
दिल्ली, नोएडा और गुजरात से जुड़े थे आतंकी
गिरफ्तार किए गए अन्य आतंकियों में से एक ज़ीशान अली नोएडा में मोबाइल की दुकान पर काम करता था जबकि दो अन्य आतंकी गुजरात में दर्जी का काम करते थे। इन सभी ने मिलकर ‘ऑपरेशन सिंदूर खिलाफत’ नाम से साजिश रची थी। जांच एजेंसियों का मानना है कि ये लोग दिल्ली, उत्तर प्रदेश और गुजरात में बड़े आतंकी हमलों की योजना बना रहे थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, यूपी एटीएस और गुजरात एटीएस मिलकर इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी हुई हैं।
एजेंसियों की सतर्कता से बचा बड़ा खतरा
इस मॉड्यूल का समय पर खुलासा सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता का परिणाम है। अगर ये आतंकी अपने मंसूबों में कामयाब हो जाते तो देश के कई हिस्सों में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। जांच में अभी और भी नाम सामने आने की संभावना है। सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति पर नज़र रख रही हैं।







