देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, असम, मेघालय, जम्मू-कश्मीर और बिहार तक मूसलधार बारिश हो रही है। हालांकि इस बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दी है, लेकिन कई जगहों पर जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश बनी परेशानी
बुधवार रात से शुरू हुई तेज बारिश ने दिल्ली-एनसीआर को पानी-पानी कर दिया। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। कई इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। जहां एक ओर बारिश ने गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर आम जनता की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है।

फिरोजाबाद में ‘स्मार्ट सिटी’ की पोल खुली
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में कुछ ही घंटों की बारिश ने स्मार्ट सिटी की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर कालोनियों तक में कई फीट पानी भर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल बरसात में यही स्थिति होती है क्योंकि नालों की समय पर सफाई नहीं होती। लोग कमर तक पानी में चलने को मजबूर हैं और कई वाहन रास्तों में ही फंसे हुए हैं।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में बाढ़ जैसे हालात
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। अलीराजपुर में एक शख्स नदी पार करते समय बहते-बहते बचा, वहीं नीमच में एक परिवार को स्थानीय लोगों ने डूबते हुए बचाया। शिवपुरी, बारोदा नगर और माणपुर में 5-6 फीट पानी भर गया है और एसडीआरएफ की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। राजस्थान के बूंदी में भी हालात बिगड़े हैं, मेज नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कई गांव डूब गए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी गई है।
पहाड़ों में भूस्खलन, मैदानों में बाढ़ का खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़कें बंद हो गई हैं। वहीं असम और मेघालय में नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जा चुका है और कई गांवों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में आने वाले दिनों में और तेज बारिश की चेतावनी दी है। येलो अलर्ट बिहार, पश्चिम बंगाल, यूपी और गुजरात में भी जारी है।







