प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के बाबा खरक सिंह मार्ग पर सांसदों के लिए बनाए गए 184 नए टाइप-VII मल्टी-स्टोरी फ्लैट्स का आज विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने इन फ्लैट्स के निर्माण में लगे मजदूरों से बातचीत की और परिसर में एक सिंदूरिया पौधा भी लगाया। प्रधानमंत्री ने इसे अपने सहयोगियों के लिए एक खास तोहफा बताया और कहा कि हाल ही में उन्होंने कार्यव्य पथ और कॉमन सेंट्रल सचिवालय का भी उद्घाटन किया था।
नदियों के नामों में छुपा देशभक्ति का संदेश
पीएम मोदी ने बताया कि इन चार टावरों के नाम कृष्णा, गोदावरी, कोसी और हुगली हैं, जो भारत की चार महान नदियां हैं। उन्होंने कहा कि ये नदियां करोड़ों लोगों को जीवन देती हैं और अब इनसे प्रेरणा लेकर सांसदों के जीवन में नई खुशियां आएंगी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कुछ लोग कोसी नदी का नाम सुनकर बिहार चुनाव याद करेंगे, लेकिन नदियों के नाम देश की एकता का प्रतीक हैं जो हमें एक धागे में पिरोते हैं।
संसद की एकता का नया प्रतीक
पीएम मोदी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों के सांसद इस आवास परिसर में साथ रहेंगे। यह परिसर ‘वन इंडिया, ग्रेट इंडिया’ का प्रतीक बनेगा। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि यहां सभी राज्यों के त्योहार मिलकर मनाने से एक खास माहौल बनेगा जो परिसर की जीवंतता को और बढ़ाएगा। इससे सांसदों के बीच दोस्ती और भाईचारे का वातावरण भी बनेगा।
सरकारी खर्च में कटौती और सांसदों को बेहतर जीवन
प्रधानमंत्री ने बताया कि 180 से अधिक सांसद इस मल्टी-स्टोरी भवन में रह सकेंगे जिससे सरकार का खर्च भी कम होगा। उन्होंने कहा कि कई मंत्रालय अभी किराए के भवनों में हैं जिनका सालाना किराया लगभग ₹1500 करोड़ है जो देश के धन की बर्बादी है। पुराने सांसद आवासों की हालत खराब थी, जिससे सांसदों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। नए फ्लैट्स से सांसदों को बेहतर जीवन मिलेगा जिससे वे जनता की समस्याओं को बेहतर तरीके से सुलझा सकेंगे।
विकास के साथ संवेदनशील भारत की तस्वीर
पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत विकास की होड़ में संवेदनशील भी है। जहां देश नए संसद भवन, कार्यव्य पथ और मेडिकल कॉलेज बना रहा है, वहीं करोड़ों गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर भी मिल रहे हैं। उन्होंने साफ-सफाई और सतत विकास को इस नए परिसर की पहचान बनाने का आग्रह किया ताकि यह परिसर हमेशा स्वच्छ और सुंदर बना रहे।







