Anuppur Accident News: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर झिरिया टोला से बेलिया की ओर जा रही एक तेज़ रफ़्तार स्कॉर्पियो ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक घर की दीवार से टकरा गई।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार पाँच और बाइक सवार एक व्यक्ति यानी कुल छह लोगों की मौत हो गई। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में करीब आठ लोग सवार थे। इनमें से स्कॉर्पियो सवार पाँच लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक बलिया छोट गाँव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
मंत्री दिलीप जायसवाल मौके पर पहुँचे
मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल मौके पर पहुँचे और उन्होंने घायलों को 10-10 हज़ार रुपये और मृतकों के परिजनों को 20-20 हज़ार रुपये की स्वैच्छिक सहायता राशि देने की घोषणा की। प्रशासन ने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए 5,000 रुपये देने की भी घोषणा की है। अनूपपुर जिला प्रशासन के लोग भी सुबह से ही घटनास्थल पर पहुँचकर मुआयना कर रहे हैं।
मृतकों के नाम:
- शुभम पिता राकेश चौधरी, उम्र 19, बेलिया छोट, अनूपपुर
- राहुल पिता तीरथ केवट, उम्र 19, बेलिया छोट, अनूपपुर
- सौरभ प्रधान पिता हुकुमचंद प्रधान, उम्र 19, बेलिया छोट, अनूपपुर
- पुष्पेंद्र घसिया, छौहरी, अनूपपुर
- अमित चौधरी, बाइक सवार, उड़तान, अनूपपुर
- अमृत लाल चौधरी, बाइक चालक, निगवानी निवासी







