Breaking: मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के एक आदिवासी बालिका छात्रावास से 5 लड़कियों के लापता होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के सामने आने के बाद पूरा महकमा सकते में है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले की जाँच शुरू कर दी गई है। समाचार लिखे जाने तक लापता लड़कियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
जानिए पूरा मामला
दरअसल, घटना उमरिया जिले के पाली नगर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास की है, जहाँ आठवीं कक्षा की 5 लड़कियाँ लापता हो गई हैं। इस घटना में एक बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी निवेदिता नायडू, एसडीएम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुँच गए। वे छात्रावास के कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की जाँच में जुटे हैं।
ज़िम्मेदारों की भूमिका पर उठ रहा सवाल
लड़कियों के लापता होने की खबर मिलते ही उनके परिजन छात्रावास पहुँच गए। परिजनों, खासकर महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि लड़कियाँ कल रात से ही लापता हैं। जिस हॉस्टल से ये लड़कियां गायब हुईं, उसकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं ज़िम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि हॉस्टल में सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। लड़कियों के भागने की वजह की जाँच की जा रही है। मामले की जाँच अभी जारी है।







