MP News: सरकारी दावों के उलट मध्य प्रदेश के कई ज़िलों में खाद की किल्लत है। किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। खाद वितरण केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग गई हैं। खाद के लिए मारामारी मची हुई है। हर दिन किसी न किसी खाद वितरण केंद्र पर मारपीट की खबरें आ रही हैं।
सिवनी-छिंदवाड़ा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम
यूरिया की किल्लत को लेकर सोमवार को ज़िले में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने स्थित यूरिया वितरण केंद्र पर सिवनी-छिंदवाड़ा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि वितरण केंद्र पर यूरिया खुलेआम ब्लैक में बेचा जा रहा है और उन्हें पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है।
पुलिस ने लाठीचार्ज किया
सुबह 6 बजे से लाइन में खड़े होने और यूरिया न मिलने से नाराज़ किसानों ने सड़क जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो झड़प हो गई। एक पुलिसकर्मी ने लाठीचार्ज किया तो एक महिला किसान ने उसे डंडे से पीट दिया। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ।







