OpenAI ने भारत में ChatGPT Go प्लान लॉन्च किया है। यह ChatGPT का सबसे सस्ता सब्सक्रिप्शन प्लान है। इसके तहत एक महीने का सब्सक्रिप्शन केवल 399 रुपये में उपलब्ध है। कंपनी ने बताया कि अब सभी ChatGPT सब्सक्रिप्शन प्लान का भुगतान UPI के माध्यम से किया जा सकता है, जिससे देशभर के उपयोगकर्ताओं के लिए OpenAI की एडवांस्ड AI सुविधाएं और आसान हो गई हैं।
ChatGPT Go से AI सुविधाएं सुलभ और किफायती
कंपनी ने कहा कि ChatGPT Go को विशेष रूप से भारत में एडवांस्ड AI फीचर्स को अधिक सुलभ और किफायती बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इससे लाखों लोग आसानी से AI का उपयोग कर सीख सकते हैं, काम कर सकते हैं और क्रिएटिव प्रोजेक्ट्स में मदद ले सकते हैं। OpenAI का उद्देश्य भारत में AI को हर वर्ग तक पहुंचाना है।

ChatGPT के अन्य दो प्लान
ChatGPT Go के अलावा दो और प्लान उपलब्ध हैं। पहला है ChatGPT Plus, जिसकी मासिक सब्सक्रिप्शन फीस 1,999 रुपये है। दूसरा है ChatGPT Pro, जो उच्च स्तर की कस्टमाइजेशन, बड़े पैमाने पर उपयोग और सबसे एडवांस्ड मॉडल तक एक्सेस के लिए है। इसका मासिक शुल्क 19,900 रुपये है। यह प्लान पेशेवरों और एंटरप्राइजेज के लिए सबसे उपयुक्त है।
भारत OpenAI का दूसरा सबसे बड़ा मार्केट
OpenAI के वाइस प्रेसिडेंट निक टर्ली ने कहा कि भारत में प्रतिदिन लाखों लोग ChatGPT का उपयोग सीखने, काम करने, रचनात्मकता दिखाने और समस्याओं को हल करने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ChatGPT Go के माध्यम से इन क्षमताओं को और अधिक सुलभ बनाने के साथ-साथ भुगतान प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है।
OpenAI की भारत में तेजी से बढ़ती लोकप्रियता
OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत OpenAI का अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा बाजार है और जल्द ही यह वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ा बाजार बन सकता है। उन्होंने कहा कि भारत में AI के उपयोग का तरीका अद्भुत है और यह बेहद तेजी से बढ़ रहा है। यह दर्शाता है कि भारतीय नागरिक तकनीकी रूप से कितना सक्रिय और जिज्ञासु हैं।







