बुधवार, 20 अगस्त को शेयर बाजार में कई बड़ी कंपनियां सुर्खियों में रहेंगी। इसकी वजह उनके महत्वपूर्ण कॉर्पोरेट ऐलान, तिमाही नतीजे और नए समझौते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन कंपनियों के शेयरों में आज तेज़ी या गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में निवेशकों की निगाहें खासतौर पर बजाज ऑटो, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स, इंडियन ऑयल, आईआरएफसी और पेटीएम जैसी कंपनियों पर टिकी रहेंगी।
बजाज ऑटो, अल्ट्राटेक और इंडियन ऑयल के बड़े कदम
बजाज ऑटो ने हाल ही में 500 करोड़ रुपये जुटाए हैं। यह राशि कंपनी ने 6.25% डिस्काउंट रेट पर कमर्शियल पेपर जारी करके हासिल की है, जिसे क्रिसिल की ओर से A1+ क्रेडिट रेटिंग दी गई है। वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने ऐलान किया कि कंपनी इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 200 एमटीपीए क्षमता का लक्ष्य हासिल कर लेगी। यह लक्ष्य पहले FY27 तक तय किया गया था, यानी कंपनी एक साल पहले ही इसे पूरा कर लेगी। दूसरी ओर, इंडियन ऑयल ने एयर इंडिया के साथ स्थायी एविएशन फ्यूल की आपूर्ति के लिए एक अहम एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कदम भविष्य में ग्रीन एनर्जी और सतत ईंधन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

रक्षा सौदे, नए निवेश और बड़ी खरीदारी
हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स (HAL) को हाल ही में सरकार से एक बड़ा रक्षा अनुबंध मिला है। कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी ने 97 एलसीए मार्क 1ए फाइटर विमान की खरीद को मंजूरी दे दी है, जिसकी कुल डील 62,000 करोड़ रुपये की है। यह एचएएल के इतिहास के सबसे बड़े रक्षा अनुबंधों में से एक है। वहीं, आईआरएफसी ने सूरत इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्टेशन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ 199.70 करोड़ रुपये का नया टर्म लोन एग्रीमेंट फाइनल किया है। दूसरी ओर, पेटीएम (वन97 कम्युनिकेशंस) में मनी मैनेजमेंट कंपनी मोतीलाल ओसवाल एएमसी ने 26.31 लाख अतिरिक्त शेयर खरीदे हैं, जिससे उसकी हिस्सेदारी 5.15% तक बढ़ गई है।
ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों पर बाज़ार की निगाहें
ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़े ऐलान हुए हैं। लॉयड्स मेटल एंड एनर्जी ने तांदसी-III और तांदसी-III एक्सटेंशन कोकिंग कोल ब्लॉक्स का सफलतापूर्वक अधिग्रहण किया है। यह खदान मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित है और लगभग 338 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली है, जिसमें 2.3 करोड़ मीट्रिक टन भंडार होने का अनुमान है। वहीं, एनटीपीसी ग्रीन ने गुजरात के खवड़ा-I सोलर प्रोजेक्ट के चौथे सेगमेंट की 212.5 मेगावाट क्षमता यूनिट का वाणिज्यिक संचालन शुरू कर दिया है। इसके अलावा, एसआरएफ ने केमॉर्स कंपनी के साथ साझेदारी कर एडवांस फ्लोरोपॉलिमर्स और फ्लोरोइलास्टोमर्स के उत्पादन पर काम शुरू किया है। साथ ही, जीएमआर पावर एंड अर्बन इंफ्रा 22 अगस्त को एक बैठक आयोजित कर रहा है, जिसमें 3,000 करोड़ रुपये तक की फंडिंग जुटाने पर चर्चा की जाएगी।







