टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, शुभमन गिल से पहले किसके पास थी T20I उपकप्तानी की जिम्मेदारी

By: MPLive Team

On: Wednesday, August 20, 2025 12:30 PM

टीम इंडिया में बड़ा बदलाव, शुभमन गिल से पहले किसके पास थी T20I उपकप्तानी की जिम्मेदारी
Google News
Follow Us
---Advertisement---

टीम इंडिया की एशिया कप 2025 की टीम का ऐलान हो चुका है। 19 अगस्त को बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति ने 15 खिलाड़ियों की सूची जारी की। सबसे बड़ा बदलाव उपकप्तान को लेकर देखने को मिला। शुभमन गिल न सिर्फ टीम में वापसी करने में सफल रहे, बल्कि उन्हें उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई। अब वह सूर्यकुमार यादव के डिप्टी होंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शुभमन से पहले टीम इंडिया के टी20 फॉर्मेट के उपकप्तान अक्षर पटेल थे?

इंग्लैंड सीरीज में थे उपकप्तान अक्षर पटेल

एशिया कप से पहले भारत ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टी20 सीरीज खेली थी। उस सीरीज में अक्षर पटेल को टीम का उपकप्तान बनाया गया था। यानी एशिया कप से ठीक पहले तक अक्षर टीम इंडिया की लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा थे। लेकिन अब जब एशिया कप की टीम का ऐलान हुआ तो अक्षर केवल बतौर खिलाड़ी नजर आएंगे। इस टूर्नामेंट का आयोजन इस बार टी20 फॉर्मेट में होने जा रहा है।

मोहम्मद कैफ ने उठाए सवाल

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अक्षर पटेल को उपकप्तानी से हटाए जाने पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि अक्षर को पहले से इस फैसले की जानकारी दी गई होगी और यह बात उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं पता चली होगी। कैफ ने कहा, “अक्षर ने कोई गलती नहीं की है, ऐसे में उन्हें हटाने का कारण जरूर बताया जाना चाहिए।” उनका यह बयान अब क्रिकेट गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

अक्षर पटेल का शानदार रिकॉर्ड

अक्षर पटेल का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली है। उन्होंने अभी तक भारत के लिए 71 टी20 मैचों में 71 विकेट लिए हैं और उनका औसत 22.12 रहा है। इसके अलावा अक्षर ने 68 वनडे में 72 विकेट और 14 टेस्ट में 55 विकेट चटकाए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में भी उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच मैचों में 6 विकेट झटके थे। हालांकि बल्लेबाजी का मौका उन्हें ज्यादा नहीं मिल सका।

चयनकर्ताओं के फैसले पर उठेगा सवाल?

अक्षर पटेल को उपकप्तानी से हटाकर शुभमन गिल को यह जिम्मेदारी देना कहीं न कहीं चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल खड़ा कर रहा है। क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि चयनकर्ताओं को खिलाड़ियों के साथ पारदर्शिता रखनी चाहिए। अब देखना यह होगा कि अक्षर पटेल इस चुनौती को किस तरह लेते हैं और एशिया कप में अपने प्रदर्शन से टीम में अपनी अहमियत और मजबूत साबित करते हैं।

For Feedback - devendra.abpnews@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment