मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक भावुक कर देने वाला वाकया सामने आया, जब ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने एक विधवा महिला की पीड़ा सुनते ही तुरंत उसकी समस्या का समाधान कराया। यह महिला अपने दो छोटे बेटों के साथ बीते छह दिनों से अंधेरे में जिंदगी गुजार रही थी। गुरुवार को जब उसने मंत्री के सामने रोते हुए अपनी समस्या सुनाई तो मंत्री खुद भी भावुक हो गए और मौके पर ही सहायक अभियंता को फटकार लगाकर बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ने का आदेश दिया। आदेश मिलते ही महिला के घर में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी गई।
बकाया बिल के कारण काटा गया था कनेक्शन
जानकारी के अनुसार, महिला ग्वालियर की ई रोड क्षेत्र में रहती है और उसके घर पर करीब छह हजार रुपये का बकाया बिल था। इस कारण बिजली विभाग ने उसका कनेक्शन काट दिया था। महिला पिछले छह दिनों से विभाग के दफ्तर के चक्कर लगा रही थी, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। थकी-हारी महिला ने जब ऊर्जा मंत्री से मिलकर अपना दर्द साझा किया, तब जाकर उसकी परेशानी का समाधान हुआ। मंत्री की संवेदनशीलता ने न केवल उस परिवार को राहत दी, बल्कि आम जनता के बीच यह संदेश भी दिया कि सरकार आम लोगों की पीड़ा को समझती है।

अधिकारियों को पहले भी लग चुकी है फटकार
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का जनता से जुड़ाव और सख्त कार्यशैली पहले भी कई बार चर्चा में आ चुकी है। मई महीने में वे रात तीन बजे बिजली विभाग के दफ्तर पहुंचे थे और वहां इंजीनियर को झूठ न बोलने की सख्त चेतावनी दी थी। इतना ही नहीं, जून माह में उन्होंने खुद एसी का उपयोग न करने का संकल्प लिया ताकि लोगों को बिजली बचत का संदेश दिया जा सके। एक मौके पर तो वे ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बेल हटाते भी नजर आए, जिससे उनकी कार्यशैली की झलक साफ दिखाई देती है।
जनता से जुड़ाव के लिए किए अनोखे प्रयास
प्रद्यूम्न सिंह तोमर अक्सर जनता की समस्याओं को हल करने के लिए अनोखे तरीके अपनाते रहे हैं। जुलाई में जब क्षेत्र के लोगों ने गंदगी की शिकायत की तो मंत्री ने खुद फावड़ा उठाकर नाले की सफाई शुरू कर दी। उनके ऐसे कदमों को जहां जनता सराहती है, वहीं विपक्ष उन्हें दिखावे का प्रयास भी बताता रहा है। बावजूद इसके, उनकी कार्यशैली उन्हें जनता से जोड़ने का काम करती है। ग्वालियर की विधवा महिला की समस्या का त्वरित समाधान इस बात का उदाहरण है कि संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से जनता का विश्वास जीता जा सकता है।







