Sachin Tendulkar: सदी के महानतम क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। रविवार को मास्टर ब्लास्टर सचिन पवित्र और पर्यटन नगरी महेश्वर पहुँचे। वहाँ शहर के क्रिकेट प्रेमियों और होटल कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सेल्फी ली। सचिन ने सभी से सहजता से मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर रविवार को पवित्र और पर्यटन नगरी महेश्वर (खरगोन) पहुँचे। सचिन अपने परिवार के साथ दो दिनों के लिए महेश्वर स्थित अहिल्या फोर्ट हेरिटेज होटल में ठहरे हैं। वे यहाँ के प्राचीन किले के घाटों और लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर की विरासत से रूबरू होंगे। सचिन तेंदुलकर के इस आगमन को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी थी।
महेश्वर पुलिस सचिन का फॉलोअप करते हुए किला परिसर पहुँची। जहाँ शहर के क्रिकेट प्रेमियों और होटल कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से एसडीओपी श्वेता शुक्ला, थाना प्रभारी जगदीश गोयल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।







