निर्देशक मोहित सूरी की रोमांटिक ड्रामा फिल्म सैयारा रिलीज़ होते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई। रिलीज़ के पहले ही दिन से यह फिल्म दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। थिएटर से निकलते हुए दर्शकों के वीडियो वायरल हुए, जिनमें कई लोग भावुक होकर रोते हुए नज़र आए। फिल्म ने अपने इमोशनल कंटेंट और दमदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों को गहराई से छू लिया। यही वजह रही कि फिल्म ने महज़ कुछ हफ्तों में रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली और लगभग 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया।
ओटीटी पर रिलीज़ के लिए तैयार सैयारा
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अब सैयारा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। यशराज फिल्म्स की कास्टिंग डायरेक्टर शानू शर्मा ने फिल्म के ओटीटी प्रीमियर की तारीख का खुलासा करते हुए सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा – Streaming from September 12, Netflix। इसके साथ ही तमाम अटकलों पर विराम लग गया और अब दर्शक घर बैठे इस फिल्म का आनंद ले सकेंगे।
बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन
18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई सैयारा ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। SaccNilk के आंकड़ों के मुताबिक, चौथे सोमवार तक फिल्म ने घरेलू स्तर पर 319.85 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार से फिल्म ने 148.5 करोड़ रुपये बटोरे। कुल मिलाकर, भारत और विदेशों से इस फिल्म की कुल कमाई लगभग 531 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। हालांकि, कई आंकड़े अभी भी लंबित हैं, ऐसे में फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई करीब 600 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
फिल्म की कहानी और दर्शकों पर प्रभाव
सैयारा की कहानी वाणी (अनिता पड्ढा) और कृष (अहान पांडे) के इर्द-गिर्द घूमती है। वाणी अपनी ज़िंदगी तबाह होते देखती है जब उसका साथी कोर्ट मैरिज से ठीक पहले उसे छोड़ देता है। टूटी हुई वाणी धीरे-धीरे अपनी ज़िंदगी पटरी पर लाने की कोशिश करती है और एक नई नौकरी शुरू करती है, जहां उसकी मुलाकात कृष से होती है। कृष एक उभरता हुआ गायक है, जो खुद भी अपनी पिछली तकलीफ़ों से उबरने की कोशिश कर रहा है। दोनों अपने-अपने घाव भरते हुए एक-दूसरे के करीब आते हैं और उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल जाती है। भावनाओं से भरी इस कहानी ने दर्शकों के दिलों में गहरी छाप छोड़ी, यही वजह है कि फिल्म को इतना जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला।







