MP News: मध्य प्रदेश में 3 लाख से ज़्यादा वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन ई-केवाईसी न होने के कारण रुक गई है। विभाग ने ई-केवाईसी न होने के कारण इसे रोक दिया है। होल्ड लिस्ट में शामिल मृतक और अपात्र वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन रोकी जाएगी। पूरे पोर्टल पर आधार केवाईसी न होने से वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी हो रही है।
मध्य प्रदेश में 3 लाख से ज़्यादा वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन रुकी हुई है। दो महीने बाद भी 56 लाख वरिष्ठ नागरिकों की सूची में 3 लाख वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन नहीं हो पाया है। अधिकारियों को 31 अगस्त तक यह प्रक्रिया पूरी करनी थी। अब अधिकारी घर-घर जाकर वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन करेंगे।
e-KYC नहीं होने पर होल्ड हुआ पेंशन
संचालनालय ने आदेश में लिखा- ‘विभिन्न पेंशन योजनाओं के समसूत पेंशन हितग्राहियों का समग्र पोर्टल पर आधार ई-केवायसी की कार्यवाही सुनिश्चित करने एवं तद्उपरांत जिन पेंशन हितग्राहियों की आधार ई-केवायसी नहीं होगी, उन पेंशन हितग्राहियों की पेंशन को होल्ड कर दिये जाने का लेख किया गया था।
उपरोक्तानुसार 31 अगस्त 2025 में स्थिति में जिन पेंशन हितग्राहियों का समग्र पोर्टल पर आधार ई-केवायसी नहीं हो सका है, उन हितग्राहियों की पेंशन को होल्ड कर दिया गया है, संख्या एवं सूची जिला एवं निकाय के लॉगईन पर सत्यापन मैनू के अंतर्गत 2025-26 में भौतिक सत्यापन में उपलब्ध कराई गई है।’
पेंशन हितग्राहियों का घर- घर जाकर होगा भौतिक सत्यापन
आगे कहा कि ‘जिन पेंशन हितग्राहियों की पेंशन होल्ड की गई है, उन समस्त पेंशन हितग्राहियों का घर- घर जाकर भौतिक सत्यापन कराया जाये, भौतिक सत्यापन के दौरान मृत / अपात्र / पलायन कर गये व्यक्तियों को होल्ड की सूची में मृत / अपात्र / पलायन घोषित कर पेंशन बंद करने की कार्यवाही की जावे किंतु ऐसे पात्र पेंशन हितग्राही जो चलने-फिरने में असमर्थ है व उनकी वृद्वावस्था या दिव्यांगता के कारण उनका समग्र पोर्टल पर आधार ई-केवायसी नहीं हो रहा है। ऐसे प्रकरणों में दिनांक 27/01/2025 को जारी SOP अनुसार निम्नानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।’







