Mauganj News: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में पुलिस की लापरवाही ने एक बार फिर हालात बिगाड़ दिए हैं। हनुमान थाना क्षेत्र के कोनी गाँव में एक सप्ताह पहले हुई हिंसक झड़प में घायल एक बुजुर्ग की मौत के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने शव थाने के सामने रखकर घंटों सड़क जाम की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम किया
30 सितंबर को हनुमान थाना क्षेत्र के कोनी गाँव में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में छोटेलाल कुशवाह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की खबर सुनकर पूरा कुशवाह परिवार आक्रोशित हो गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। भीड़ का आरोप था कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो यह मौत नहीं होती।
कई घंटों की मशक्कत के बाद भीड़ शांत हुई
स्थिति बिगड़ने पर एसडीओपी सची पाठक और एसडीएम रश्मि चतुर्वेदी मौके पर पहुँचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद भीड़ शांत हुई। पुलिस ने आनन-फानन में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य तीन अभी भी फरार हैं। कुशवाहा और पाठक परिवारों के बीच पहले भी झड़पें हो चुकी हैं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
इलाके में कानून-व्यवस्था बिगड़ रही
ग्रामीणों का कहना है कि थाना प्रभारी की निष्क्रियता के कारण इलाके में कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है। एसडीओपी सची पाठक ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी की तलाश जारी है। स्थिति अब नियंत्रण में है। एसडीएम शमी चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने परिजनों से बात की है और उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।
ये भी पढ़ें – लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, PWD के पूर्व चीफ इंजीनियर जीपी मेहरा के घर छापा








1 thought on “मऊगंज में पुलिस लापरवाही से भड़का आक्रोश: हिंसक झड़प में घायल वृद्ध की मौत के बाद थाने का घेराव”