Ujjain Road Accident: मध्य प्रदेश के उज्जैन में कल देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों दोस्त माँ बगलामुखी माता के दर्शन कर लौट रहे थे, तभी उनकी कार गलत दिशा से आ रहे एक कंटेनर से टकरा गई।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान आदित्य पंड्या (22, एमबीए छात्र, निवासी मसवाडिया, इंगोरिया), अभय पंडित (20, पासलोद, इंगोरिया) और राजेश रावल (50, पुजारी, वर्तमान में उज्जैन के गदरीराज निवासी) के रूप में हुई है। तीनों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
कंटेनर चालक फिलहाल फरार
गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र आचार्य (20, गायत्री नगर, उज्जैन) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। कंटेनर चालक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।







