Rewa Breaking News: मध्य प्रदेश के रीवा में एक बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने 6 लाख रुपये कीमत की नशीली कफ सिरप जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रयागराज से रीवा में ड्रग्स सप्लाई करने की योजना बना रहा था। वह एक-दो खेप पहले ही पहुँचा चुका है। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूरी घटना सोहागी थाना क्षेत्र में हुई।
भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद
जानकारी के अनुसार, एक सूचना के आधार पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 प्रयागराज हाईवे पर सोहागी पहाड़ियों पर एक संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एनडीपीएस एक्ट के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो प्रयागराज से रीवा के रतहरा में ड्रग्स ले जा रहा था।
प्रयागराज से रीवा तक सप्लाई
UP 70 GN 6094 रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक गाड़ी से लगभग 6 लाख रुपये कीमत की 1,320 नशीली कफ सिरप बरामद की गईं। थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि आरोपी बुलबुल रैदास ने पूछताछ में बताया कि वह प्रयागराज के गौहनिया से रतहरा में ड्रग्स सप्लाई करने जा रहा था।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बुलबुल इसे किसी और को सप्लाई कर रहा था। आगे की जाँच जारी है। पुलिस की जाँच में पता चला है कि उसने पहले भी एक-दो बार रीवा में यह खेप पहुँचाई थी। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पता लगा रही है कि उसने कहाँ और किस इलाके में नशीली सिरप सप्लाई की थी।







