Shahdol Crime News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में दोहरे हत्याकांड के मामले में कार्रवाई हुई है। केशवी चौकी प्रभारी आशीष झारिया को थाने में अटैच कर दिया गया है। दो भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने यह कदम उठाया।
दरअसल, बलबहरा गाँव निवासी राहुल तिवारी और राकेश तिवारी दिवाली के दूसरे दिन अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान पर दीये जलाने गए थे। उसी गाँव के निवासी अनुराग शर्मा ने नीलेश कुशवाहा, नयन पाठक और सचिन शर्मा समेत अपने 10 से ज़्यादा साथियों के साथ दुकान में घुसकर उन पर कुल्हाड़ी, तलवार, लाठी और बंदूक से हमला कर दिया।
मौत से पहले मोबाइल कैमरे पर सब कुछ बताया
इस हमले में राकेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल तिवारी को गंभीर हालत में शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। तीसरा युवक सतीश अभी भी गंभीर हालत में ज़िंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पता चला है कि राकेश ने अपनी मौत से पहले अपने मोबाइल कैमरे पर एक बयान रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने हमलावरों के नाम और पूरी घटना का ज़िक्र किया था। उसने बताया कि अनुराग शर्मा, सचिन शर्मा और उनके साथियों ने दुकान में घुसकर हमला किया, तोड़फोड़ की और लूटपाट की।
चार साल पहले भी दी गई थी धमकियाँ
मृतक के पिता पुरुषोत्तम तिवारी ने बताया कि उनका 99.5 एकड़ पट्टे की ज़मीन को लेकर विवाद था। 2021 में अनुराग शर्मा ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर धमकाया था, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया था। परिवार का आरोप है कि ये दोनों हत्याएँ आपसी रंजिश के चलते की गई थीं। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा और उसके कुछ साथियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
त्योहारी खुशियाँ मातम में बदलीं
दिवाली की खुशियों के बीच बलबहरा गाँव में मातम का साया छा गया है। अपने दो बेटों के शव देखकर परिवार गमगीन है और गाँव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पूरी घटना को लेकर शहडोल के एसपी रामजी श्रीवास्तव ने कहा, “शुरुआती तौर पर ऐसा लग रहा है कि अनुराग शर्मा नाम के व्यक्ति ने ज़मीन विवाद के चलते हमला किया, जिससे तीन लोग घायल हुए हैं और दो और लोगों की मौत हो गई है. इस घटना में क़ानूनी कार्रवाई करने के साथ ही कुछ लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया है, और फ़िलहाल कार्रवाई की जा रही है.”







