देश के दक्षिणी राज्यों में जहां भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है, वहीं उत्तर भारत में मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। गुरुवार की सुबह राजधानी में हल्का कोहरा और बादलों की चादर छाई रही। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे तापमान और गिर सकता है। सुबह और शाम के समय ठंड और अधिक बढ़ने की संभावना है।
चक्रवात ‘मोंथा’ का असर, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘मोंथा’ (Cyclone Montha) के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक और रायलसीमा में आज, 30 अक्टूबर को भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, बिहार, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आज और कल (30-31 अक्टूबर) बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 31 अक्टूबर को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, जिससे कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है। वहीं पूर्वी राजस्थान, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ के क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, 30 से 31 अक्टूबर के बीच झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का दौर भी रहेगा। इसी तरह पटना मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में 30 और 31 अक्टूबर को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं पश्चिम बंगाल में भी 30 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान है। भले ही चक्रवात मोंथा का केंद्र आंध्र प्रदेश में बनेगा, लेकिन इसका असर दक्षिण बंगाल के जिलों — कोलकाता, दक्षिण 24 परगना, मिदनापुर, हावड़ा, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकाुरा और हुगली तक दिख सकता है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ी ठंड, कुछ जिलों में बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे सर्दी बढ़ने लगी है। पश्चिमी यूपी में आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात मोंथा के प्रभाव से पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर और मऊ जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं आजमगढ़, संत रविदास नगर, चंदौली, जौनपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़ और चित्रकूट में भी हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा, झांसी, कानपुर और लखनऊ के कुछ हिस्सों में भी बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश के बाद ठंड और कोहरा बढ़ेगा, जिससे सुबह-शाम के तापमान में और गिरावट आएगी। आने वाले कुछ दिनों में उत्तर भारत में सर्दी का असर और तेज महसूस किया जा सकता है।







