मध्य प्रदेश समेत देशभर के एलपीजी गैस वितरक आज हड़ताल पर चले गए हैं। सेवा शुल्क 35 रुपये से बढ़ाकर 110 रुपये करने की मांग को लेकर करीब 26,000 वितरक इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। हड़ताल के चलते गैस कंपनियों से सिलेंडर नहीं खरीदे जा सकेंगे और न ही ग्राहकों को दिए जा सकेंगे। इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ेगा और शुक्रवार से सिलेंडर की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो सकती है।
भोपाल समेत देशभर के वितरक हड़ताल पर
वितरक बताते हैं कि सेवा शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। यही वजह है कि भोपाल समेत देशभर के वितरक हड़ताल पर हैं। मध्य प्रदेश में यह आंदोलन तीन चरणों में चल रहा है: पहले काली पट्टी बांधकर काम, फिर विरोध प्रदर्शन और अब अनिश्चितकालीन हड़ताल।
मांगें पूरी नहीं होने पर हड़ताल जारी रहेगी
भोपाल में आज सभी गैस कंपनियां बंद हैं। ग्राहक सिलेंडर खरीदने आ रहे हैं, लेकिन खाली हाथ लौट रहे हैं। वितरक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सालों से सेवा शुल्क नहीं बढ़ाया गया है, जबकि लागत दोगुनी हो गई है। मांगें पूरी नहीं होने पर हड़ताल जारी रहेगी।







