Neemuch Road Accident: नीमच जिले के जावद-भरवाडिया मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज में शिक्षक दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी ललिता (35), बेटा हर्षित (10) और बेटी जया (6) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक अन्य यात्री भोपाल के अठाना निवासी नारायण सिंह (44) भी घायल हो गए।
दशरथ अपने परिवार के साथ नीमच से जावद लौट रहे थे। हादसा भरवाडिया गाँव की घाटी के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जावद थाने में तैनात एएसआई मनोज यादव की कार के सामने दो मोटरसाइकिलें आ गईं। कार का नंबर HR 99 ABS (Temp) 1491 है।
घटना के बाद, घायलों को तुरंत लोगों और एम्बुलेंस की मदद से नीमच के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ दशरथ को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
ASI की कार में शराब की बोतल मिली
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद ASI मनोज यादव कार के पास मौजूद थे और नशे में थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार से शराब की गंध आ रही थी और कार में शराब की एक बोतल और एक खाली गिलास भी मिला। ग्रामीणों ने बताया कि चालक ने चार कारों को टक्कर मारी, जिससे दो बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
सूचना मिलने पर नीमच छावनी थाना प्रभारी वीरेंद्र झा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुँचे और क्षतिग्रस्त कारों को थाने भिजवाया। लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का विरोध
दुर्घटना में दो छोटे बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचकर स्थिति को शांत कराया।
ASI निलंबित, मामला दर्ज
प्रारंभिक जाँच के आधार पर नीमच एसपी अंकित जायसवाल ने ASI मनोज यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।







