Shahdol News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक सरकारी कर्मचारी के घर से लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पत्नी घर पर अकेली थीं
घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3/4 स्थित राम जानकी मंदिर के पास की बताई जा रही है, जहाँ सिंचाई विभाग के कर्मचारी सिद्ध गणेश शुक्ला रहते हैं। बीती रात सिद्ध गणेश शुक्ला रोजाना की तरह काम से घर लौटे और दूध बाँटने के लिए बाहर गए थे। उस समय उनकी पत्नी भारती शुक्ला घर पर अकेली थीं।
लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब
रात करीब 11 बजे उनकी पत्नी ने उन्हें फोन किया। जब वे घर पहुँचे तो उन्होंने अलमारी टूटी हुई देखी और लाखों रुपये के जेवरात और नकदी गायब थी। चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो हार, तीन अंगूठियाँ, तीन मंगलसूत्र, एक ओम लॉकेट, एक सोने का बिछिया, एक चांदी का नुपुर और बर्तन शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये है। सूचना मिलने पर सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुँची। फ़िंगरप्रिंट और सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है।
अज्ञात चोरों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज
फ़िलहाल, पुलिस ने अज्ञात चोरों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। हालाँकि, बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि सोहागपुर पुलिस इस चोरी के रहस्य से पर्दा उठाने में कितना समय लगाती है।







