MP News: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के परीक्षा विभाग ने बुधवार को सिविल जज जूनियर डिवीजन, प्रवेश स्तर परीक्षा 2022 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए। अनारक्षित वर्ग की अभ्यर्थी भामिनी राठी ने लिखित और साक्षात्कार परीक्षा में 450 में से सर्वाधिक 291.83 अंक प्राप्त कर टॉप किया। गुना जिले की निवासी हरप्रीत कौर परिहार ने 281.83 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। सफल अभ्यर्थियों में महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।
इंदौर की भामिनी राठी प्रदेश में टॉपर
मध्य प्रदेश सिविल जज जूनियर डिवीजन (प्रवेश स्तर) 2022 के परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। इस परीक्षा में इंदौर की भामिनी राठी ने लिखित और साक्षात्कार परीक्षा में 450 में से 291.83 अंक प्राप्त कर राज्य में टॉप किया। राठी पहले मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ में अधिवक्ता के रूप में कार्यरत थीं और वर्तमान में रायपुर में सिविल जज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इंदौर में ही पूरी की और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री भी प्राप्त की। उनके दो भाई, आकाश राठी और विकास राठी, इंदौर में वकील हैं।
कुल 191 पदों पर नियुक्ति की जानी थी
आपको बता दें कि सिविल जज, जूनियर डिवीजन, प्रवेश स्तर परीक्षा 2022 के अंतर्गत अनारक्षित वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए रिक्तियों की घोषणा की गई थी। इसके लिए कुल 191 पदों पर नियुक्ति की जानी थी। इनमें से सामान्य वर्ग में 41, ओबीसी वर्ग में 5 और एससी वर्ग में 1 अभ्यर्थी का चयन हुआ। ओबीसी वर्ग में कृतिक बघेल ने 247.50 अंकों के साथ टॉप किया। एससी वर्ग में लवनीश जगधान ने 242.50 अंकों के साथ टॉप किया।







