आज के तेज़ जीवनशैली में लोगों का खान-पान अनियमित हो गया है। खाने-पीने का सही समय न मिलना और तनाव बढ़ना स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है। ऐसे में हर कोई बिना किसी साइड इफेक्ट के जल्दी सेहत सुधारने का उपाय ढूंढ़ता है। नारियल पानी एक ऐसा प्राकृतिक और आयुर्वेदिक पेय है जिसे ऊर्जा बढ़ाने वाला माना जाता है। यह आसानी से उपलब्ध होता है और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। आइए जानें नारियल पानी पीने का सही समय, तरीका और इसके अनेक फायदे।
नारियल पानी के प्रमुख स्वास्थ्य लाभ
नारियल पानी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें सोडियम, पोटैशियम, कैल्शियम, और मैग्नीशियम जैसे खनिज पाए जाते हैं जो इलेक्ट्रोलाइट्स की भूमिका निभाते हैं। गर्मियों में यदि आप डिहाइड्रेशन के शिकार हो जाते हैं तो नारियल पानी आपकी सबसे अच्छी दवा हो सकती है। यह आपके पेट और पाचन तंत्र के लिए भी फायदेमंद है। पेट की समस्याएं जैसे एसिडिटी, गैस और कब्ज से राहत पाने के लिए नारियल पानी एक प्राकृतिक उपाय के रूप में काम करता है। इसमें कई एंजाइम होते हैं जो आपकी आंतों की सेहत को बेहतर बनाते हैं और पाचन तंत्र को मजबूत करते हैं।
दिल्ली आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार, हृदय रोगों के जोखिम वाले लोगों के लिए भी नारियल पानी पीना लाभकारी है। इसमें पाया जाने वाला पोटैशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है और दिल से जुड़ी बीमारियों तथा हार्ट अटैक के खतरे को कम करता है। इसके अलावा, नारियल पानी बालों और त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है। यह शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने और त्वचा को साफ करने में मदद करता है। जिन लोगों की त्वचा पर मुँहासे या पिंपल्स होते हैं, उन्हें नारियल पानी पीने से विशेष लाभ मिलता है।
नारियल पानी कब और कितना पीना चाहिए?
अगर आप नारियल पानी पीने का सही समय जानना चाहते हैं तो सुबह खाली पेट इसका सेवन करना सबसे अच्छा माना जाता है। इससे मेटाबॉलिज्म स्वस्थ रहता है और शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है। यह उन लोगों के लिए खासतौर पर फायदेमंद है जो नियमित व्यायाम करते हैं या बहुत पसीना बहाते हैं। एक दिन में 1 से 2 गिलास यानी लगभग 400 मिलीलीटर तक नारियल पानी पीना सुरक्षित माना जाता है। हालांकि, यदि आप मधुमेह जैसे किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से ग्रस्त हैं तो नारियल पानी पीने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
नारियल पानी पीने का सही तरीका
नारियल पानी का सेवन करते समय हमेशा ताजा नारियल पानी चुनें। बाजार में पैक्ड नारियल पानी भी मिलता है जिसमें प्रिज़र्वेटिव और अतिरिक्त चीनी मिलाई जाती है। ऐसे पैक्ड नारियल पानी से वही स्वास्थ्य लाभ नहीं मिलते जो ताजे नारियल पानी से मिलते हैं। इसलिए, कोशिश करें कि आप हमेशा प्राकृतिक और ताजा नारियल पानी का ही सेवन करें। ताजा नारियल पानी शरीर को हाइड्रेट करता है और सभी पोषक तत्व उपलब्ध कराता है जो आपकी सेहत को बेहतर बनाते हैं।







