वेलेंटाइन डे करीब है और इस दिन लोग अपने प्रेमियों को प्यार और गिफ्ट्स देते हैं। लेकिन इस दिन को लेकर स्कैमर्स भी सक्रिय हो जाते हैं। अन्य दिनों की तुलना में इस दिन स्कैमर्स अलग-अलग तरीकों से लोगों को फंसाने की कोशिश करते हैं। यह रोमांस स्कैम से लेकर गिवअवे स्कैम तक हो सकते हैं। इसलिए इस वेलेंटाइन डे पर सावधानी रखना बेहद जरूरी है और आपको इन स्कैम्स के बारे में जानकारी होनी चाहिए।
रोमांस स्कैम: प्यार का बहाना और पैसे की ठगी
वेलेंटाइन डे पर सबसे आम स्कैम रोमांस स्कैम है। यह ज्यादातर डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से शुरू होते हैं। स्कैमर्स फेक आईडी बनाकर लोगों से संपर्क करते हैं। बातचीत शुरू होने के बाद यह मेडिकल इमरजेंसी या यात्रा के नाम पर पैसे मांगते हैं। जो व्यक्ति पैसे भेज देता है, उसके बाद स्कैमर गायब हो जाते हैं। इसलिए ऐसे किसी भी व्यक्ति को पैसे या गिफ्ट कार्ड भेजने से बचें।
फेक डिलीवरी और शॉपिंग वेबसाइट स्कैम
कुछ स्कैम्स में आपको मैसेज या कॉल आता है कि आपके लिए सरप्राइज गिफ्ट आया है। इसे डिलीवर करने के लिए लिंक पर क्लिक करने या OTP शेयर करने के लिए कहा जाता है। ऐसा करने से आपका बैंक अकाउंट खाली हो सकता है। इसी तरह, वेलेंटाइन डे पर शॉपिंग बढ़ने के कारण स्कैमर्स फेक शॉपिंग वेबसाइट्स बनाते हैं। सोशल मीडिया पर आकर्षक ऑफर्स दिखाकर लोग इन साइट्स पर आते हैं। यदि आप इस जाल में फंसते हैं तो आपकी सभी व्यक्तिगत जानकारी चुराई जा सकती है। हमेशा किसी नए वेबसाइट पर बिना पुष्टि किए शॉपिंग न करें।
गिवअवे स्कैम: मुफ्त ऑफर्स में छिपा खतरा
वेलेंटाइन डे पर सोशल मीडिया पर मुफ्त डिनर, हॉलीडे या महंगे गिफ्ट जीतने का दावा करते पोस्ट दिखाई देते हैं। इसके लिए आपको फॉर्म भरने और प्रोसेसिंग फीस देने के लिए कहा जाता है। इन गिवअवे स्कैम्स के जरिए आपका डेटा और पैसा चुराने का प्रयास किया जाता है। इसलिए किसी भी पोस्ट या ऑफर में जल्दी में फंसने की बजाय सावधानी रखें और केवल विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें।







