व्हाट्सएप अब माता-पिता के लिए एक नया फीचर लेकर आया है जिसका नाम है ‘Parent-Managed Accounts’। यह फीचर विशेष रूप से छोटे बच्चों के लिए बनाया गया है ताकि वे सुरक्षित तरीके से व्हाट्सएप का उपयोग कर सकें। अब माता-पिता अपने बच्चों के व्हाट्सएप अकाउंट को सीधे अपने अकाउंट से लिंक करके उसकी सुरक्षा और सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि यह सुविधा बच्चों के खाते की निगरानी पर अधिक ध्यान देती है, बातचीत की सामग्री पर नहीं।
Parent-Managed Accounts में क्या सुविधाएं मिलेंगी
इस फीचर में कई सुरक्षा विकल्प शामिल हैं। माता-पिता अपने बच्चों के अकाउंट के प्राइवेसी सेटिंग्स को कॉन्फ़िगर कर सकते हैं और उन्हें सही तरीके से व्हाट्सएप इस्तेमाल करने की सलाह दे सकते हैं। इस अकाउंट में स्टेटस अपडेट, चैनल और मेटा एआई फीचर उपलब्ध नहीं हैं। डिसएपीयरिंग मैसेज भी सामान्य चैट में काम नहीं करेगा। इसके अलावा, अनजाने अकाउंट से आने वाले मैसेज को विशेष Message Requests फोल्डर में रखा जाता है जिसे केवल माता-पिता के पिन से खोला जा सकता है। जब बच्चा किसी संपर्क को जोड़ता, ब्लॉक करता या रिपोर्ट करता है, तो माता-पिता को इसकी सूचना मिल जाती है।
Parent-Managed Accounts कैसे सेटअप करें
बच्चे के एंड्रॉयड या आईओएस डिवाइस पर व्हाट्सएप इंस्टॉल करें और सामान्य अकाउंट रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करें। बच्चे का फोन नंबर दर्ज करें और एसएमएस के जरिए भेजे गए OTP से सत्यापन करें। सेटअप के दौरान ‘Parent-Managed Account’ का विकल्प चुनें। इसके बाद उस माता-पिता या संरक्षक का नंबर डालें जो अकाउंट मैनेज करेगा। माता-पिता को अपने व्हाट्सएप पर एक अनुरोध प्राप्त होगा जिसे उन्हें स्वीकार करना होगा। एक बार अनुरोध स्वीकार होने के बाद बच्चा का अकाउंट माता-पिता के अकाउंट से लिंक हो जाएगा।
सुरक्षा और गोपनीयता की गारंटी
व्हाट्सएप का कहना है कि Parent-Managed Accounts में चैट की सामग्री एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन के तहत सुरक्षित रहती है। इसका मतलब यह है कि न व्हाट्सएप और न ही माता-पिता चैट की सामग्री पढ़ सकते हैं। इस फीचर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित और संरक्षित वातावरण में सोशल मैसेजिंग का अनुभव देना है। यह माता-पिता को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों से अवगत रखकर संभावित खतरों से बचाने में मदद करता है।







