Gmail Data Leak: वैश्विक साइबर सुरक्षा को लेकर एक चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। ऑस्ट्रेलियाई साइबर विशेषज्ञ ट्रॉय हंट ने खुलासा किया है कि 3.5 टेराबाइट डेटा ऑनलाइन लीक हो गया है, जिसमें लाखों ईमेल यूजर्स की जानकारी शामिल है। इस लीक से Google की Gmail सेवा से जुड़े लाखों खातों को भी खतरा है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस डेटा लीक में लगभग 18.3 करोड़ विशिष्ट खातों की जानकारी शामिल है, जिनमें 1.64 करोड़ ईमेल पते भी शामिल हैं जो पहले कभी किसी डेटा लीक में उजागर नहीं हुए। इससे फ़िशिंग हमलों और अकाउंट हैकिंग का खतरा और बढ़ जाता है।
क्या ‘स्टीलर लॉग’ के ज़रिए डेटा चुराया गया था?
ट्रॉय हंट के अनुसार, यह डेटा ‘स्टीलर लॉग’ के ज़रिए चुराया गया था। दरअसल, ‘इन्फोस्टीलर’ नाम का एक खतरनाक मैलवेयर संक्रमित कंप्यूटरों से यूजर्स की लॉगिन जानकारी चुराता है। यह हर वेबसाइट पर दर्ज किए गए यूजर्स नाम, ईमेल पते और पासवर्ड को रिकॉर्ड करता है। इसका मतलब है कि अगर कोई यूजर्स Gmail में लॉग इन करता है, तो उसका ईमेल पता और पासवर्ड अपने आप मैलवेयर के पास पहुँच जाता है।
कैसे जांचें कि आपका ईमेल लीक हुआ है या नहीं?
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका ईमेल पता इस हैकिंग का हिस्सा तो नहीं है, तो आप https://haveibeenpwned.com वेबसाइट पर जाकर इसकी जाँच कर सकते हैं। यहाँ, यूजर्स अपना ईमेल पता दर्ज करके देख सकते हैं कि क्या उनकी जानकारी किसी पूर्व या हाल ही में हुए डेटा हैकिंग के दौरान चोरी हुई है।
अगर आपके खाते में हैकिंग हुई है, तो तुरंत अपना Password बदलना और Two-Step Verification (2FA) सक्षम करना ज़रूरी है। यह आपके खाते को अनधिकृत लॉगिन से सुरक्षित रखता है।
Google ने Gmail यूजर्स को सलाह दी
इस बीच, Google ने स्पष्ट किया है कि Gmail सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगी है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, “Gmail के हैक होने की खबरें पूरी तरह से झूठी हैं। यह डेटा लीक Google के सर्वर से नहीं, बल्कि बाहरी मैलवेयर से हुआ था।”
Google उपयोगकर्ताओं को अपने Password बदलने, Two-Step Verification चालू करने और Passkey जैसी नई सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग शुरू करने की सलाह दे रहा है। कंपनी ने कहा कि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना पहले से कहीं ज़्यादा ज़रूरी है।







