अहान पांडे और अनित पडडा स्टारर ‘सैयारा’ इस समय दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है। थिएटरों में इस फिल्म को देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने महज 5 दिनों में 128 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जिससे यह साल की सबसे बड़ी हिट्स में शामिल हो गई है। फिल्म की लोकप्रियता को देखकर लोग इसकी तुलना साल 2000 में रिलीज हुई ‘कहो ना प्यार है’ से कर रहे हैं, जिसमें ऋतिक रोशन ने धमाकेदार डेब्यू किया था। इसके साथ ही अहान पांडे की तुलना सुपरस्टार्स ऋतिक रोशन और रणबीर कपूर से की जा रही है।
अमीषा पटेल ने अहान पांडे पर दी प्रतिक्रिया
इसी बीच, ‘कहो ना प्यार है’ से ऋतिक के साथ डेब्यू करने वाली अमीषा पटेल ने भी इस तुलना पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में अमीषा पटेल ने अपने ऑफिशियल X हैंडल पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन रखा था। इस दौरान एक फैन ने अमीषा से ‘सैयारा’ की सफलता और अहान की ऋतिक व रणबीर से तुलना पर सवाल पूछा। फैन ने लिखा, “मैं ‘आस्क अमीषा’ सेशन मिस कर गई। मेरा सवाल – क्या आपने ‘सैयारा’ देखी? लोग नए एक्टर की तुलना ऋतिक रोशन और रणबीर कपूर से कर रहे हैं। इस पर आपका क्या कहना है?”
अमीषा ने अहान को दिया आशीर्वाद
अमीषा ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा, “मैंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है, लेकिन मैं उसे (अहान) शुभकामनाएं देना चाहती हूं। अहान एक नए एक्टर के तौर पर काफी प्रॉमिसिंग लगते हैं। लेकिन बात ये है कि बाप और बेटा, बेटा ही रहेगा। अधिकतर सुपरस्टार्स से अलग, डुग्गु (ऋतिक रोशन) ‘वॉर’ के साथ आ रहा है।” रणबीर कपूर की तारीफ करते हुए अमीषा ने लिखा, “रणबीर एक शानदार स्टार हैं… मुझे लगता है कि नए कलाकारों को उस स्तर तक पहुंचने में काफी समय लगेगा और हर कोई रणबीर जैसा नहीं बन सकता। क्यों बेवजह दबाव बनाना? अहान निश्चित तौर पर अपने तरीके से समय के साथ बेहतर होगा और हम उसे शुभकामनाएं देते हैं।”
सैयारा की जोड़ी को दी शुभकामनाएं
अमीषा पटेल ने इसके एक दिन पहले भी सैयारा की जोड़ी अहान और अनित को पोस्ट के जरिए शुभकामनाएं दी थीं। अपने पोस्ट में अमीषा ने लिखा था, “सैयारा की जोड़ी अहान और अनित को शुभकामनाएं!! मैं चाहती हूं कि आप आने वाली फिल्मों में भी बॉक्स ऑफिस पर इसी तरह धमाल मचाते रहें। कहा था ना… प्यार है। हमेशा चमकते रहो और फिल्मों में आपका स्वागत है।”
बॉक्स ऑफिस पर सैयारा की सुनामी
फिल्म ‘सैयारा’ 18 जुलाई को थिएटरों में रिलीज हुई थी, जिसने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी। पांच दिनों में ही फिल्म ने 128 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया। इस फिल्म से चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या पांडे के कजिन अहान पांडे ने डेब्यू किया है, वहीं अनित पडडा फिल्म में उनके साथ लीड रोल में हैं। दोनों की जोड़ी को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया जा रहा है। इस फिल्म की सफलता से अहान पांडे ने अपने करियर की शुरुआत में ही खुद को इंडस्ट्री में स्थापित करने का संकेत दे दिया है और फैंस को उनसे भविष्य में भी बेहतरीन परफॉर्मेंस की उम्मीद है।







