रियलिटी शो बिग बॉस 19 का इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है। यह शो 24 अगस्त से शुरू होगा और दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सलमान खान एक बार फिर इस सबसे विवादित शो को होस्ट करते नजर आएंगे, हालांकि इस बार वह केवल शुरुआती तीन महीनों के लिए शो की मेजबानी करेंगे। बिग बॉस 19 की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे डिजिटल-फर्स्ट फॉर्मेट में लॉन्च किया जा रहा है, यानी नए एपिसोड सबसे पहले जियो होस्टार पर रिलीज होंगे और करीब डेढ़ घंटे बाद कलर्स टीवी पर दिखाए जाएंगे।
सलमान खान की फीस ने उड़ाए होश
हर सीजन की तरह इस बार भी सबसे ज्यादा चर्चा में है सलमान खान की फीस। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान बिग बॉस 19 की मेजबानी के लिए 120 से 150 करोड़ रुपये तक चार्ज कर रहे हैं। यह राशि 15 हफ्तों की अवधि के लिए तय की गई है। यानी सलमान को हर हफ्ते 8 से 10 करोड़ रुपये मिलेंगे। हालांकि इस बार शो का बजट पिछले सीजन से थोड़ा कम बताया जा रहा है, लेकिन सलमान की फीस उनके स्टार पावर और शो की लोकप्रियता को साबित करती है। पिछले सीजन में उन्होंने बिग बॉस 18 के लिए करीब 250 करोड़ रुपये और बिग बॉस 17 के लिए 200 करोड़ रुपये लिए थे। वहीं, बिग बॉस ओटीटी 2 के लिए उनकी फीस 96 करोड़ रुपये रही थी।
View this post on Instagram
गेस्ट होस्ट्स भी बढ़ाएंगे मज़ा
बिग बॉस 19 इस बार पांच महीने तक चलेगा। शुरुआती तीन महीने तक सलमान खान दर्शकों का मनोरंजन करेंगे और उसके बाद शो में कुछ गेस्ट होस्ट्स भी नजर आएंगे। इनमें फराह खान, करण जौहर और अनिल कपूर जैसे बड़े नाम शामिल हो सकते हैं। इस सीजन का प्रोमो 21 जुलाई को शूट किया गया था, जिसमें राजनीतिक थीम का इस्तेमाल किया गया है। यह प्रोमो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा और इसके साथ ही शो का डिजिटल-फर्स्ट मार्केटिंग कैंपेन भी शुरू हो चुका है।
संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट ने बढ़ाई उत्सुकता
जहां दर्शक शो की शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, वहीं कंटेस्टेंट्स की लिस्ट को लेकर भी खूब चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन जिन नामों की चर्चा सबसे ज्यादा है उनमें गौतमी कपूर, धीरज धूपर, अलीशा पंवार, खुशी दुबे, गौरव तनेजा, मिस्टर फैसू, अपूर्वा मुखीजा, पुरव झा, गौरव खन्ना, धनश्री वर्मा, श्रीराम चंद्रा, अर्शिफा खान और मिक्की मेकओवर जैसे नाम शामिल हैं। फैंस को अब बस शो के प्रीमियर का इंतजार है, जब असली लाइनअप और हाई-वोल्टेज ड्रामा सबके सामने आएगा।







