आज पूरे देश में गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव से मनाया जा रहा है। भगवान गणेश को बुद्धि, समृद्धि और नई शुरुआत का देवता माना जाता है। इस पावन अवसर पर भक्तजन पंडाल सजाते हैं, घरों में गणपति बप्पा का स्वागत करते हैं और ढोल-नगाड़ों, भजनों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव मनाते हैं। गणेशोत्सव का आकर्षण सिर्फ आम लोगों तक सीमित नहीं रहता बल्कि बॉलीवुड सितारे और उद्योगपति परिवार भी इस पर्व को बड़ी धूमधाम से मनाते हैं। इस बार भी, देशभर की तरह मुंबई में भी गणेशोत्सव की छटा देखते ही बन रही है।
अंबानी परिवार में ‘एंटीलिया चा राजा’ का स्वागत
मुंबई के अंबानी परिवार ने इस बार भी अपने घर एंटीलिया में गणेश उत्सव का भव्य आयोजन किया। मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और उनकी पत्नी राधिका मर्चेंट ने मिलकर गणपति बप्पा का शानदार स्वागत किया। सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें अनंत और राधिका पारंपरिक परिधान में बप्पा का स्वागत करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह रही कि बप्पा की सवारी को सजाने के लिए खूबसूरत फूलों का इस्तेमाल किया गया था। पूरे एंटीलिया को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण हो गया।
View this post on Instagram
श्लोका मेहता और सुरक्षा इंतज़ामों की झलक
एंटीलिया के भीतर की झलक दिखाने वाले वीडियो में अंबानी परिवार की बड़ी बहू श्लोका मेहता भी बप्पा के स्वागत के लिए तैयार दिखाई दीं। वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरे परिवार ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बप्पा का आगमन किया और इस अवसर पर चारों ओर सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए। मुंबई पुलिस की मौजूदगी और निजी सुरक्षा व्यवस्था ने एंटीलिया के बाहर के माहौल को पूरी तरह सुरक्षित बना रखा था। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी द्वारा साझा किए गए वीडियो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं, जिनमें अंबानी परिवार का भव्य स्वागत चर्चा का विषय बना हुआ है।
View this post on Instagram
बॉलीवुड सितारों ने भी बप्पा का किया स्वागत
अंबानी परिवार के साथ-साथ बॉलीवुड जगत ने भी इस पावन पर्व को पूरे उत्साह से मनाया। अभिनेता सोनू सूद, कॉमेडियन भारती सिंह, अभिनेत्री हंसिका मोटवानी, अंकिता लोखंडे और उनके पति पराग त्यागी, युविका चौधरी समेत कई सितारों ने अपने-अपने घरों में गणपति बप्पा की स्थापना की। सभी सितारों ने बप्पा का स्वागत भक्ति भाव से किया और अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस पर्व की झलकियां साझा कीं। गौरतलब है कि गणेशोत्सव का यह 10 दिवसीय पर्व इस साल 27 अगस्त से शुरू होकर अनंत चतुर्दशी तक चलेगा, जब बप्पा का विसर्जन बड़े ही भावपूर्ण माहौल में किया जाएगा।







