डांसर और कोरियोग्राफर धानश्री वर्मा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। क्रिकेटर युजवेंद्र चहल से तलाक के बाद उन्होंने अपनी जिंदगी में एक नया मोड़ लेने का फैसला किया है। धानश्री अब पूरी तरह से आगे बढ़ चुकी हैं और जल्द ही एक रियलिटी शो में नज़र आने वाली हैं। हाल ही में डायरेक्टर फराह खान धानश्री के मुंबई स्थित घर पहुंचीं और वहां का एक व्लॉग बनाया। इस दौरान फराह खान और उनके कुक दिलीप के साथ खूब मस्ती देखने को मिली। इसी बीच धानश्री ने फिर से प्यार में पड़ने को लेकर भी खुलकर बात की।
फराह खान ने दिखाया धानश्री का घर
फराह खान ने अपने व्लॉग में धानश्री के घर का खूबसूरत टूर करवाया। उनका घर बेहद मॉडर्न और आर्टिस्टिक लुक से सजा हुआ है। लिविंग रूम में एक स्टाइलिश बार और एक आर्टिस्टिक कॉर्नर बना हुआ है, जो देखने में बेहद आकर्षक लगता है। इसके अलावा घर की दीवारों पर कई सुंदर पेंटिंग्स भी लगी हुई हैं। धानश्री ने फराह को बताया कि ये सभी पेंटिंग्स उनकी दादी ने बनाई हैं। यह बात सुनकर फराह खान काफी प्रभावित हुईं और दादी की कला की तारीफ भी की।
प्यार को लेकर धानश्री का इशारा
घर दिखाने के दौरान फराह खान की नज़र एक ऐसी पेंटिंग पर पड़ी जिसमें दो चिड़ियां एक पेड़ की शाख पर बैठी हुई थीं। इसे देखकर फराह बोलीं – “ये मेरी फेवरेट है।” मजाकिया अंदाज़ में धानश्री ने जवाब दिया – “लव बर्ड्स, आई मैनिफेस्ट।” यानी वह फिर से प्यार को अपनी जिंदगी में जगह देने का संकेत दे रही थीं। धानश्री की इस बात पर फराह खान ने चौंकते हुए कहा – “फिर से? तुम बहुत बहादुर हो।” इसके बाद दोनों हंसते हुए इस पल का आनंद लेते नज़र आईं।
धानश्री का नजरिया और पिछला रिश्ता
यह पहली बार नहीं है जब धानश्री ने प्यार पर खुलकर राय दी हो। इससे पहले भी ई-टाइम्स को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था – “प्यार के बारे में आप कभी प्लान नहीं कर सकते। यह तय नहीं कर सकते कि आज प्यार होगा या एक साल बाद। मेरे लिए सबसे ज़रूरी यह है कि मेरा फोकस कहां है और मैं अपनी जिंदगी में किस ओर आगे बढ़ना चाहती हूं।” बता दें कि धानश्री वर्मा और युजवेंद्र चहल ने साल 2020 में शादी की थी। लेकिन, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2022 में दोनों अलग हो गए। अब धानश्री एक नए सिरे से अपनी जिंदगी जी रही हैं और उनकी ये सकारात्मक सोच उनके चाहने वालों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।







