बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार, अक्षय कुमार आज (9 सितंबर) अपना 58वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें दुनियाभर से उनके फैंस, दोस्तों और इंडस्ट्री के लोगों की ओर से शुभकामनाएँ मिल रही हैं। अक्षय पिछले 34 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और इस दौरान उन्होंने 150 से अधिक फिल्मों में काम किया है। एक्शन से लेकर कॉमेडी और सामाजिक संदेश देने वाली फिल्मों तक, अक्षय ने हर किरदार को बखूबी निभाया है और इसी वजह से वे आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं।
इंस्टाग्राम पर अक्षय का खास पोस्ट
अपने जन्मदिन के अवसर पर अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद खास पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने एक तस्वीर साझा की है जिसमें उनके द्वारा निभाए गए किरदारों को दिखाया गया है। तस्वीर के साथ अक्षय ने एक भावुक नोट भी लिखा। उन्होंने लिखा—”58 साल की मेहनत, 34 साल इस इंडस्ट्री में, 150 से ज्यादा फिल्में और अभी सफर जारी है। जिन्होंने भी मुझ पर विश्वास किया, टिकट खरीदे, मुझे साइन किया, प्रोड्यूस किया, डायरेक्ट किया और गाइड किया—यह सफर मेरा ही नहीं, आप सबका भी है।” अक्षय ने आगे लिखा कि वे हमेशा अपने शुभचिंतकों के आभारी रहेंगे और उनका जन्मदिन उनके फैंस को समर्पित है।
View this post on Instagram
फैंस और साथियों से मिल रही शुभकामनाएँ
अक्षय कुमार का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हजारों लोग इस पर कमेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दे रहे हैं। किसी फैन ने लिखा—”हैप्पी बर्थडे मेरे प्यारे अक्की,” तो किसी ने कहा—”हैप्पी बर्थडे खिलाड़ी कुमार, आप सच्चे प्रेरणास्त्रोत हैं।” कई प्रशंसकों ने उनके काम और उनकी फिटनेस को सराहते हुए उन्हें लंबे जीवन और सफलता की शुभकामनाएँ दीं। अक्षय ने अपनी पोस्ट में विशेष रूप से प्रतिभाशाली राहुल नंदा को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने यह खूबसूरत तस्वीर डिज़ाइन की है।
अक्षय कुमार का आने वाला सफर
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार जल्द ही जॉली एलएलबी 3 में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला भी मुख्य भूमिकाओं में होंगे। फिल्म 19 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। इसके अलावा अक्षय के पास भूत बंगला, हेरा-फेरी 3 और वेलकम टू द जंगल जैसी बड़ी फिल्में भी हैं, जिनका फैंस को बेसब्री से इंतजार है। 34 साल के लंबे करियर के बावजूद अक्षय आज भी उतनी ही ऊर्जा और जुनून के साथ काम कर रहे हैं और यही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। उनका यह जन्मदिन उनके फैंस के लिए भी किसी उत्सव से कम नहीं है।







