Teja Sajja का जन्म 23 अगस्त 1994 को हैदराबाद में एक साधारण तेलुगु परिवार में हुआ था। उनके पिता रामकृष्ण सज्जा प्राइवेट सेक्टर में काम करते थे जबकि उनकी मां गृहणी हैं। टेजा ने अपनी पढ़ाई हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगमपेट से पूरी की और आगे चलकर मफकम जाह कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से बीबीए की डिग्री हासिल की। बचपन से ही उन्हें अभिनय का जुनून था और इसी जुनून ने उन्हें फिल्मों की ओर खींचा। बहुत कम उम्र में ही उन्होंने तय कर लिया था कि उनका जीवन कैमरे के सामने ही बीतेगा।
दो साल की उम्र से एक्टिंग की शुरुआत
टेजा ने महज दो साल की उम्र में चिरंजीवी की फिल्म चूडालानी वुंडी से अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद वे 20 से ज्यादा फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट नजर आए। उन्होंने चिरंजीवी, नागार्जुन, दग्गुबाती वेंकटेश, जूनियर एनटीआर, अल्लू अर्जुन, पवन कल्याण और प्रभास जैसे बड़े सितारों के साथ स्क्रीन शेयर की। उनकी झोली में कलिसुंडाम रा, इंद्रा, गंगोत्री, सांबा और बालू जैसी कई यादगार फिल्में शामिल हैं। लंबे समय तक उन्होंने सहायक किरदार निभाए और फिर समय ने करवट ली जब उन्हें सामंथा प्रभु की फिल्म ओ बेबी में अहम रोल मिला। लेकिन असली पहचान उन्हें 2021 में जॉम्बी रेड्डी से मिली जो तेलुगु सिनेमा की पहली ज़ॉम्बी फिल्म थी।
‘हनु-मान’ से रातों-रात सुपरस्टार
2024 में रिलीज़ हुई सुपरहीरो फिल्म हनु-मान टेजा सज्जा के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। महज 30 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर इतिहास रच गई। यह फिल्म न केवल साउथ में बल्कि नॉर्थ इंडिया में भी ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म के लिए टेजा को नेशनल अवॉर्ड और रेडियो सिटी सिने अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्टर का खिताब भी मिला। इस सफलता के बाद टेजा रातों-रात दर्शकों के दिलों में बस गए और उन्हें बॉक्स ऑफिस का नया चमत्कारी हीरो कहा जाने लगा। उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि बचपन में चिरंजीवी और जूनियर एनटीआर जैसे दिग्गजों से सीखी चीज़ें आज उनके करियर की असली ताकत बनीं।
कड़ी मेहनत से बनाई अलग पहचान
टेजा सज्जा ने कभी खुद को सीमित नहीं किया। चिरंजीवी की सलाह पर उन्होंने घुड़सवारी सीखी। जूनियर एनटीआर की प्रेरणा से उन्होंने तीन साल तक कुचिपुड़ी डांस का अभ्यास किया। बाद में चिरंजीवी ने उन्हें वेस्टर्न डांस की ट्रेनिंग लेने की भी सलाह दी। इसके अलावा उन्होंने मार्शल आर्ट्स में भी महारत हासिल की। यही वजह है कि उनके अभिनय में सिर्फ मासूमियत ही नहीं बल्कि एक्शन और डांस का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है। उनकी मेहनत और लगातार सीखने की इच्छा ने उन्हें बाकी अभिनेताओं से अलग पहचान दिलाई है।
‘मिराई’ की सफलता और नई उम्मीदें
अब टेजा सज्जा की नई फिल्म मिराई सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। पहले दिन इस फिल्म ने 12 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया और दूसरे दिन से बॉक्स ऑफिस पर और भी ज्यादा कमाई की उम्मीद जताई जा रही है। दर्शक इस फिल्म को खूब पसंद कर रहे हैं और टेजा की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मिराई भी हनु-मान की तरह 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर पाएगी और टेजा को बॉक्स ऑफिस का नया जादुई हीरो बना देगी।







