80 के दशक की मशहूर और खूबसूरत अदाकारा सलमा आगा ने जब बॉलीवुड में फिल्म निकाह से एंट्री की, तो वे रातों-रात सुपरस्टार बन गईं। इस फिल्म ने उन्हें जबरदस्त सफलता दिलाई और इसका गाना “दिल के अरमान आंसुओं में बह गए” आज भी लोगों की जुबान पर है। लेकिन जितनी सफलता सलमा को फिल्मों में मिली, उतनी ही असफलता उन्हें निजी जिंदगी में झेलनी पड़ी। उन्होंने प्यार किया, शादियाँ भी कीं, लेकिन हर बार किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। तीन शादियों और चार रिश्तों के बाद भी आज वे अकेलेपन की जिंदगी जी रही हैं।
अभिनय से गायिकी तक का सफर
सलमा आगा न केवल एक बेहतरीन अदाकारा थीं बल्कि उनकी गिनती एक प्रतिभाशाली गायिका के रूप में भी होती है। उन्होंने कई फिल्मों में अपनी आवाज दी और उनके गाए हुए गाने उतने ही मशहूर हुए जितनी उनकी एक्टिंग। निकाह के बाद उन्होंने कसम पैदा करने वाले की, फूलन देवी, कोबरा, पति पत्नी और तवायफ, ऊंचे लोग जैसी फिल्मों में काम किया। हिंदी फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने पाकिस्तानी फिल्मों में भी अभिनय किया और खूब सराहना पाई।
फिल्मी परिवार से नाता, लेकिन निजी जीवन जटिल
1954 में कराची, पाकिस्तान में जन्मी सलमा आगा का परिवार काफी चर्चित रहा। उनके पिता लियाकत गुल ताजिक कीमती पत्थरों और एंटीक के व्यापारी थे, जबकि उनकी मां नसीरीन मशहूर परिवार से थीं। नसीरीन, 1930 के दशक की प्रसिद्ध अभिनेत्री अनवारी बारी बेगम और संगीतकार रफीक ग़ज़नवी की बेटी थीं। बाद में नसीरीन ने अभिनेता राज कपूर के मामा जुगल किशोर मेहरा से शादी की। इस तरह सलमा आगा का नाता कपूर परिवार से भी जुड़ा। लेकिन इन रिश्तों की गहराई उनके जीवन की मुश्किलों को कम नहीं कर पाई और उनका निजी जीवन हमेशा विवादों और टूटे रिश्तों से घिरा रहा।
चार प्यार, तीन शादियाँ और हर बार टूटा दिल
सलमा आगा का निजी जीवन उनकी फिल्मों से कहीं अधिक चर्चा में रहा। उन्होंने चार बार प्यार किया और तीन बार शादी, लेकिन हर बार नतीजा दर्द और अकेलेपन के रूप में मिला। उनका पहला रिश्ता न्यूयॉर्क के व्यापारी महमूद सिपरा से रहा, जो टूट गया। इसके बाद पाकिस्तानी अभिनेता महमूद के साथ रिश्ता जोड़ा, लेकिन वह भी असफल रहा और सलमा का करियर भी रुक गया। फिर उन्होंने पाकिस्तानी अभिनेता जावेद शेख से शादी की, पर तीन साल बाद यह रिश्ता भी टूट गया। इसके बाद 1989 में उन्होंने मशहूर स्क्वैश खिलाड़ी रहमत खान से शादी की, जिनसे उन्हें दो संतानें हुईं, जिनमें से एक बेटी साशा आगा फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। साल 2010 में यह रिश्ता भी तलाक में खत्म हुआ। अंत में उन्होंने 2011 में दुबई के बिजनेसमैन मंजर शाह से शादी की, लेकिन कुछ ही सालों बाद यह रिश्ता भी टूट गया। आज 68 वर्ष की उम्र में सलमा आगा अकेले जीवन बिता रही हैं, फिल्मों से उनका नाता लगभग खत्म हो चुका है और वे अब कभी-कभार ग़ज़लें या गीत रिलीज करके ही सुर्खियों में आती हैं।







