मंगलवार की रात का एपिसोड पूरी तरह से शहबाज़ बदेशा के इर्द-गिर्द घूमता नजर आया। शो की शुरुआत ही चोरी के मामले से हुई, जिसे शहबाज़ ने कैप्टन अम्माल मलिक की मदद से अंजाम दिया। यह मामूली सा मजाक धीरे-धीरे एक बड़े मुद्दे में तब्दील हो गया और मामला नामांकन तक पहुँच गया। अचानक बिग बॉस ने सभी घरवालों को असेंबली रूम में बुलाया और नामांकन से जुड़ा क्लिप स्क्रीन पर दिखाया। इसमें सभी सदस्य एक-दूसरे को नामांकित करते नजर आए। क्लिप देखने के बाद घरवाले ताली बजाने लगे, जिस पर बिग बॉस ने नाराज़गी जताई और कहा – “यह ताली बजाने लायक बात नहीं है।”
सभी घरवाले हुए नामांकित, फिर मिला दूसरा मौका
बिग बॉस ने अम्माल मलिक को नामांकन नियम पढ़ने का आदेश दिया। नियम के अनुसार, घर में नामांकन की चर्चा करना सख्त मना है। इसके बाद बिग बॉस ने फटकार लगाते हुए कहा कि पिछले 18 सीज़न में ऐसा कभी नहीं हुआ और सज़ा के तौर पर इस हफ्ते सभी सदस्यों को एविक्शन के लिए नामांकित कर दिया। हालाँकि, थोड़ी देर बाद घरवालों को दूसरा मौका दिया गया कि वे वोटिंग के जरिए कुछ सदस्यों को बचा सकते हैं। वोटिंग के बाद नीलम गिरी, गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, तान्या मित्तल, आवेज़ दरबार, शहबाज़ बदेशा, ज़ीशान कादरी, मृदुल तिवारी और कुनिका सदानंद सुरक्षित हो गए। वहीं, नेहल चुडासमा, आशनूर कौर, प्रणीत मोरे, बसीर अली और अभिषेक पर अभी भी बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है।
अम्माल मलिक से छीनी गई कप्तानी की विशेष शक्तियाँ
नियम तोड़ने की वजह से बिग बॉस ने कैप्टन अम्माल मलिक से उनकी विशेष शक्तियाँ छीन लीं। इस फैसले से घर में माहौल और गर्म हो गया। इस बीच, शहबाज़ ने ज़ीशान कादरी से मज़ाक-मज़ाक में उनकी फिल्म में रोल देने की बात कही, जिस पर तान्या ने हंसी-मजाक करते हुए कहा कि “फिल्म में पहले से ही फीमेल लीड है।” लेकिन ज़ीशान ने साफ किया कि उनकी फिल्म में सिर्फ मेल एक्टर्स होंगे। दूसरी ओर, घर में खाने की कमी को लेकर भी सवाल उठे। तान्या और नेहल को खाना न मिलने पर अम्माल को सभी को हिस्से का खाना सही तरीके से खाने की हिदायत देनी पड़ी।
कप्तानी टास्क में नेहल और फरहाना की भिड़ंत
एपिसोड का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब बिग बॉस ने इस हफ्ते की कप्तानी का टास्क अनाउंस किया। घरवालों को दो टीमों – टीम A और टीम B – में बांटा गया। अम्माल मलिक टास्क मास्टर बने। “टी इज़ हॉट!” के सिग्नल पर टीम के सदस्य बदल सकते थे। टास्क की शुरुआत तान्या, नेहल और आशनूर ने टीम A से और नेहल, फरहाना और कुनिका ने टीम B से की। इसी दौरान नेहल और तान्या के बीच जोरदार बहस हुई। बाद में सदस्य बदले गए तो नेहल टीम A में बनी रहीं और कुनिका टीम B में। यहाँ फरहाना ने नेहल को निशाने पर लिया, जिससे दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। माहौल इतना गरमा गया कि एपिसोड इसी हंगामे के बीच अधूरा रह गया।







