विदेश में पढ़ाई का सपना देख रहे भारतीय छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। ब्रिटिश काउंसिल की ओर से 29 जुलाई को एक खास वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसमें छात्रों को यूके (ब्रिटेन) में पढ़ाई से जुड़ी अहम जानकारी दी जाएगी। इस ‘Study UK प्री-डिपार्चर मीटिंग’ में देशभर से छात्र जुड़ेंगे और इंदौर के छात्र भी बड़ी संख्या में इसमें भाग लेंगे। यह सेशन दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक ऑनलाइन आयोजित किया जाएगा।
वीजा और रहन-सहन से जुड़ी जरूरी जानकारी मिलेगी
इस वर्चुअल मीटिंग में विशेषज्ञ छात्रों को यूके में रहने और पढ़ाई की तैयारी से जुड़ी व्यवहारिक सलाह देंगे। यूके के यूनिवर्सिटीज़ में एडमिशन ले चुके या ऑफर लेटर पाने वाले छात्रों को यहां वीजा प्रोसेस, रहने की व्यवस्था, खाने-पीने, स्वास्थ्य बीमा और अन्य खर्चों की पूरी जानकारी दी जाएगी। साथ ही, वहां रह रहे भारतीय छात्रों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे, ताकि नए छात्रों को रियल टाइम टिप्स मिल सकें और वे किसी तरह की उलझन में न रहें।

वीजा प्रक्रिया में आए बदलावों पर विशेष फोकस
इस बार सेशन में खासतौर पर भारतीय छात्रों के लिए वीजा प्रक्रिया में आए हालिया बदलावों पर जोर दिया जाएगा। उन्हें बताया जाएगा कि किन डॉक्यूमेंट्स की ज़रूरत होगी, कब आवेदन करना है और कैसे समय से पहले सारी तैयारियां करनी हैं। इसके अलावा छात्रों को यूके में पढ़ाई के दौरान मिलने वाली सुविधाएं जैसे स्वास्थ्य सेवाएं, बीमा योजनाएं और उनसे जुड़ी लागत की भी जानकारी दी जाएगी। यह जानकारी छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ बजट प्लानिंग में भी मदद करेगी।
पढ़ाई से पहले की तैयारी में होगा ये सेशन मददगार
यूके में पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए यह सेशन काफी उपयोगी साबित होगा, क्योंकि विदेश जाकर पढ़ाई शुरू करने से पहले जिन बातों की जानकारी नहीं होती, वे सारी बातें यहां साफ-साफ बताई जाएंगी। छात्र अपनी जिज्ञासाएं भी सीधे विशेषज्ञों से पूछ सकेंगे और अपने सभी सवालों के जवाब पाकर आत्मविश्वास से आगे बढ़ सकेंगे। ब्रिटिश काउंसिल का यह प्रयास विदेश पढ़ाई के इच्छुक छात्रों को सही दिशा देने में मददगार साबित हो रहा है।







