देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही जम्मू, असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में बेहद भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 13 से 17 अगस्त तक मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी बारिश का नया दौर शुरू होगा। तेलंगाना में 13 और 14 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 15 से 18 अगस्त के बीच महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा और घाट क्षेत्रों में भी भारी बारिश होने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में भी तेज बारिश और खतरा
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 13 से 15 अगस्त के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड और हिमाचल के कई हिस्सों में बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है और कई सड़कों को यातायात के लिए बंद करना पड़ा। हिमाचल प्रदेश में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 398 सड़कें बंद हैं।
दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटे में यहां बादल छाए रहने और कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान लगभग 23.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में कहां-कहां हुई भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जम्मू के कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और तेलंगाना में भी भारी बारिश हुई। इसके अलावा हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश हुई है।







