मीरा-भायंदर पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए तेलंगाना में चल रही एक विशाल ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने यहां से करीब 32 हजार लीटर कच्चा एमडी ड्रग्स बरामद किया है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में लगभग 12 हज़ार करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई ड्रग्स माफिया के खिलाफ पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
शुरुआती सुराग से पहुँची बड़ी फैक्ट्री तक
इस कार्रवाई में पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच की शुरुआत केवल 200 ग्राम ड्रग्स की बरामदगी से हुई थी, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई थी। लेकिन जब पुलिस ने मामले की तहकीकात गहराई से की तो उन्हें इस बड़े ड्रग्स फैक्ट्री तक पहुंचने में सफलता मिली। बरामद किए गए ड्रग्स और केमिकल्स को सील कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
मुंबई पुलिस ने भी जुलाई में दी थी बड़ी चोट
यह पहली बार नहीं है जब ड्रग्स नेटवर्क पर इतनी बड़ी चोट की गई हो। इससे पहले जुलाई 2025 में मुंबई पुलिस ने 400 करोड़ रुपये की कीमत का ड्रग्स कंसाइनमेंट जब्त किया था। इस कार्रवाई के दौरान मुंबई पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर में भी छापेमारी की थी। इस पर कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने कहा था कि राज्य के हर एसपी और हर कमिश्नरेट को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए।
युवाओं को निशाना बना रहा ड्रग्स सिंडिकेट
भारत में ड्रग्स सिंडिकेट का नेटवर्क काफी बड़ा है। पुलिस समय-समय पर इन पर कार्रवाई करती रहती है, लेकिन इन्हें जड़ से खत्म करना बेहद ज़रूरी है। ड्रग्स माफिया देश के युवाओं को अपना निशाना बना रहे हैं, जबकि युवा ही भारत की असली ताकत हैं। ऐसे में इस तरह की कार्रवाइयाँ सिर्फ कानून की जीत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम हैं।







