मध्य प्रदेश के उज्जैन में भारी बारिश के चलते शिप्रा नदी उफान पर है। इसी बीच शनिवार रात करीब 9:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। एक पुलिस वाहन नदी में गिर गया, जिसमें थाना प्रभारी अशोक शर्मा, एसआई मदनलाल निनामा और महिला पुलिसकर्मी आरती पाल सवार थे। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
थाना प्रभारी का शव मिला, दो पुलिसकर्मी लापता
लगातार 11 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद थाना प्रभारी अशोक शर्मा का शव मंगलनाथ क्षेत्र में मिला। वहीं, एसआई मदनलाल निनामा और महिला पुलिसकर्मी आरती पाल का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद से ही दोनों की तलाश की जा रही है, लेकिन नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयाँ सामने आ रही हैं।

लापता महिला की तलाश में निकले थे तीनों पुलिसकर्मी
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, गुराडिया सांग इलाके से एक महिला लापता हुई थी। उसी की तलाश में तीनों पुलिसकर्मी थाना वाहन से निकले थे और चिंतामण क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका वाहन शिप्रा नदी के बड़े पुल को पार करते समय संतुलन खो बैठा और तेज बहाव में बह गया। हादसा होते ही मोबाइल लोकेशन और नेटवर्क बंद हो गए, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरी हो गई।
NDRF और SDRF टीम कर रही है राहत कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन नदी के उफान और तेज बहाव के चलते अभियान में बाधा आई। स्थानीय प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया है और लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक दो पुलिसकर्मियों का कोई सुराग नहीं मिला है, जबकि पूरा प्रशासन और पुलिस विभाग उनकी सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए है।







