देश के दक्षिणी राज्यों में फिलहाल भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कई हिस्सों में भारी वर्षा की संभावना है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बने दो सिस्टमों के कारण इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रह सकती है। इससे कई जगहों पर जलभराव और यातायात की समस्या भी देखने को मिल सकती है।
उत्तर भारत में ठंड का असर शुरू
दूसरी ओर, उत्तर भारत में मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं। आसमान में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली में मंगलवार को बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके बाद ठंड और बढ़ सकती है।

बिहार और झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार और झारखंड में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पटना मौसम केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर एरिया अगले कुछ दिनों में चक्रवात का रूप ले सकता है। 28 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। झारखंड के रांची मौसम केंद्र ने भी कहा है कि कई जिलों में बिजली चमकने और आंधी के साथ बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत में भी असर
हालांकि चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा, लेकिन उसका असर पश्चिम बंगाल तक दिखाई देगा। कोलकाता, दक्षिण 24 परगना, मेदिनीपुर, हावड़ा, झारग्राम, पुरुलिया और हुगली जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में हवा की रफ्तार बढ़ सकती है और बिजली गिरने की घटनाएं भी संभव हैं।
पश्चिमी राज्यों में भी बदलेगा मौसम का मिज़ाज
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र, गुजरात, कोंकण और गोवा में भी 28 से 30 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी का अनुमान है। इन इलाकों में तापमान में गिरावट के साथ ठंड की शुरुआत हो जाएगी। पंजाब और हरियाणा में भी सर्दी का असर धीरे-धीरे महसूस होने लगा है।







