हर साल सर्दियों के अंत में जब हजारों रंग-बिरंगे फूल एक साथ खिलते हैं, तब राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान राजधानी दिल्ली की सबसे खूबसूरत जगहों में शामिल हो जाता है। फूलों की खुशबू, हरियाली और शांत माहौल इसे किसी सपने के बाग जैसा बना देता है। इस साल भी आम लोगों के लिए अमृत उद्यान खोल दिया गया है और इसके साथ ही लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुबह कितने बजे से एंट्री मिलेगी। शाम को कितनी देर तक अंदर घूम सकते हैं। और आखिरी एंट्री का समय क्या है। हर साल की तरह इस बार भी अमृत उद्यान सीमित समय के लिए ही जनता के लिए खोला गया है, इसलिए इसे देखने का मौका चूकना कोई नहीं चाहता।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 1 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान के विंटर एनुअल्स एडिशन 2026 का औपचारिक उद्घाटन किया। पहले इसे मुगल गार्डन के नाम से जाना जाता था, लेकिन अब इसका नाम बदलकर अमृत उद्यान कर दिया गया है। नाम बदलने के साथ-साथ इसकी पहचान और भव्यता भी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। उद्घाटन के बाद से ही इसे देखने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से हजारों लोग यहां आते हैं। यह उद्यान साल में सिर्फ कुछ हफ्तों के लिए ही आम जनता के लिए खोला जाता है, इसलिए इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।
अमृत उद्यान आम लोगों के लिए 3 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक खुला रहेगा। यानी करीब दो महीने तक लोग यहां आकर फूलों की अद्भुत दुनिया को करीब से देख सकते हैं। उद्यान की टाइमिंग सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तय की गई है। हालांकि सबसे जरूरी बात यह है कि आखिरी एंट्री शाम 5 बजे तक ही दी जाती है। इसके बाद किसी भी हालत में अंदर प्रवेश नहीं मिलता। इसलिए अगर आप अमृत उद्यान घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो समय का खास ध्यान रखना जरूरी है। यह उद्यान हफ्ते में छह दिन खुला रहता है। हर सोमवार को सफाई और रखरखाव के कारण बंद रहता है। इसके अलावा होली के दिन यानी 4 मार्च 2026 को भी अमृत उद्यान बंद रहेगा। शनिवार और रविवार को यह सामान्य दिनों की तरह खुला रहता है, जिससे वीकेंड पर भी लोग आराम से घूमने आ सकते हैं।
अमृत उद्यान में प्रवेश केवल राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 35 से ही किया जा सकता है। सुरक्षा कारणों से किसी अन्य गेट से एंट्री की अनुमति नहीं होती। पहली बार आने वाले लोगों को यह जानकारी पहले से होना बेहद जरूरी है। इस साल अमृत उद्यान को पहले से भी ज्यादा आकर्षक बनाया गया है। यहां बाल वाटिका, प्लुमेरिया गार्डन, बैनियन गार्डन, बोंसाई गार्डन, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन जैसी कई खूबसूरत जगहें हैं। बबलिंग ब्रुक नाम की पानी की धारा और छोटे झरने लोगों को खास तौर पर आकर्षित करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार यहां 145 से ज्यादा किस्मों के गुलाब, करीब 85 तरह के अन्य फूलों के पौधे और रंग-बिरंगे ट्यूलिप लगाए गए हैं। चारों तरफ फैली खुशबू और हरियाली मिलकर ऐसा माहौल बनाती है कि लोग इसे जन्नत का बाग कहने लगते हैं।







