दुनिया के सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले वेब ब्राउजर गूगल क्रोम के यूजर्स के लिए बड़ा खतरा मंडरा रहा है। गूगल ने जीरो डे अलर्ट जारी किया है और बताया कि क्रोम में दो खतरनाक खामियां पाई गई हैं। इन खामियों का फायदा हैकर्स उठा सकते हैं और 3.5 अरब से ज्यादा लोगों को अपना निशाना बना सकते हैं। गूगल ने यूजर्स से तुरंत अपने क्रोम ब्राउजर को लेटेस्ट सिक्योरिटी पैच के साथ अपडेट करने का निर्देश दिया है, ताकि निजी जानकारियां और बैंकिंग डिटेल्स सुरक्षित रह सकें।
जीरो डे अलर्ट क्या है और क्यों गंभीर है
‘जीरो डे’ अलर्ट उन खामियों के लिए जारी किया जाता है, जिनमें सबसे ज्यादा सुरक्षा जोखिम होता है। इसका मतलब है कि एक दिन की भी देरी यूजर्स के लिए भारी पड़ सकती है। गूगल ने CVE-2026-3909 और CVE-2026-3910 नाम की दो खामियों को चिन्हित किया है, जिनका फायदा साइबर अपराधी उठा सकते हैं। ये खामियां मल्टी लेयर फैक्टर ऑथेंटिकेशन को बाईपास कर सकती हैं, जिससे हैकर्स यूजर्स के खाते और संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बना सकते हैं।
हैकर्स के लिए गूगल क्रोम एक आसान निशाना
गूगल क्रोम में आई खामियां हैकर्स के लिए बड़ा दरवाजा खोल देती हैं। इसके जरिए हैकर्स सेशन हाईजैकिंग और एडवांस फिशिंग अटैक्स कर सकते हैं। खासकर बैंकिंग डिटेल्स, क्रेडिट कार्ड और निजी जानकारियां चोरी करके उन्हें डार्क वेब पर बेचने का जोखिम रहता है। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ब्राउजर में छोटी सी खामी भी बड़े साइबर अटैक को अंजाम देने के लिए पर्याप्त होती है। इसलिए गूगल ने तुरंत अपडेट जारी करके यूजर्स को सुरक्षित रहने की सलाह दी है।
गूगल क्रोम को अपडेट करने का आसान तरीका
गूगल क्रोम को अपडेट करना बेहद सरल है। अपने PC या लैपटॉप में क्रोम ब्राउजर खोलें। ऊपर दाईं ओर दिए तीन डॉट्स पर क्लिक करें और सेटिंग्स में जाएं। वहां ‘About Chrome’ वाले विकल्प पर क्लिक करते ही ब्राउजर अपने आप लेटेस्ट वर्जन को डाउनलोड और इंस्टॉल कर लेगा। अपडेट पूरा होने के बाद क्रोम को रीस्टार्ट करना जरूरी है। गूगल ने जोर देकर कहा है कि सभी यूजर्स तुरंत यह कदम उठाएं, ताकि उनके ऑनलाइन अकाउंट्स और निजी डेटा सुरक्षित रह सकें।







