उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में बन रहे डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को बड़ी गति मिली है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) को 75 हेक्टेयर जमीन का आवंटन पत्र सौंपा. इस मौके पर BEL के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज जैन भी मौजूद रहे. सरकार के मुताबिक, यह कदम चित्रकूट डिफेंस नोड के विकास में अहम माना जा रहा है
BEL लगभग 562.5 करोड़ रुपये का निवेश कर यहां एक अत्याधुनिक रक्षा निर्माण यूनिट बनाएगी। यहाँ राडार और हवाई सुरक्षा तंत्र बनाए जाएंगे। इससे 300 से ज्यादा लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा, जबकि आसपास के क्षेत्रों में अप्रत्यक्ष रूप से और भी रोजगार के अवसर बनेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस परियोजना से बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। यही नहीं, स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम मिलने से पलायन कम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि चित्रकूट, जो अब तक अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता था, अब रक्षा निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में भी उभर रहा है
सरकार का विचार है कि इस परियोजना से आत्मनिर्भर भारत मिशन को बल मिलेगा। रक्षा उपकरण अपने देश में बनाने से आयात पर निर्भरता कम होगी और घरेलू उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इस परियोजना से छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) को भी फायदा होगा और नए निवेश के रास्ते खुलेंगे. चित्रकूट डिफेंस नोड में BEL की एंट्री उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.







