शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ एक बार फिर अपने गुस्से और विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में हैं। इस बार मामला मुंबई के चर्चगेट स्थित एक कैंटीन का है। यहां पर परोसे गए बासी और खराब खाने को लेकर गायकवाड़ इतना भड़क गए कि उन्होंने एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ इतना जोरदार था कि कर्मचारी जमीन पर गिर गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और गायकवाड़ पर लोगों ने जमकर नाराजगी जाहिर की। हालांकि यह कोई पहली बार नहीं है जब संजय गायकवाड़ इस तरह के विवाद में घिरे हैं।
मतदाताओं को बताया था वेश्या से भी बदतर
साल 2024 के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद संजय गायकवाड़ ने मतदाताओं पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। उन्होंने कहा था कि लोग शराब, मटन और दो हजार रुपये के बदले वोट बेचते हैं। इसके बाद उन्होंने कहा था कि जो मतदाता वोट के बदले बिकते हैं वे वेश्याओं से भी बदतर हैं क्योंकि वेश्याएं अपने दाम पर सौदा करती हैं और पीछे नहीं हटतीं। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ और भारी विरोध हुआ लेकिन गायकवाड़ अपने रुख पर कायम रहे।

राहुल गांधी की जीभ काटने पर रखा था इनाम
गायकवाड़ का विवादों से पुराना नाता रहा है। सितंबर 2023 में राहुल गांधी के एक बयान पर उन्होंने बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। राहुल गांधी ने अमेरिका की एक यूनिवर्सिटी में आरक्षण को लेकर कहा था कि जब भारत में समानता आएगी तब आरक्षण हटाने की बात की जा सकती है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय गायकवाड़ ने कहा था कि राहुल गांधी ने देशविरोधी बात की है और जो भी उसकी जीभ काटेगा उसे 11 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस बयान के बाद उनकी कड़ी आलोचना हुई लेकिन उन्होंने कोई माफी नहीं मांगी।
कार धुलवाने से लेकर बाघ के शिकार तक के दावे
संजय गायकवाड़ के विवादित कारनामों की फेहरिस्त यहीं खत्म नहीं होती। एक बार उनका वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक पुलिसकर्मी उनकी कार धोता दिखा। बाद में उन्होंने सफाई दी कि उन्हें कार में उल्टी हो गई थी और पुलिसकर्मी ने अपनी इच्छा से कार साफ की थी। इसके बाद फरवरी 2024 में उन्होंने एक नया दावा कर दिया कि उन्होंने 1987 में एक बाघ का शिकार किया था और उसके दांत को आज भी गले में पहनते हैं। इस बयान के बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।







