Odisha News: बालासोर के एक कॉलेज की छात्रा द्वारा यौन शोषण के आरोपी प्रोफेसर पर कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर आत्मदाह करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। छात्रा की मौत के बाद बुधवार सुबह ओडिशा विधानसभा के बाहर भारी हंगामा हुआ। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने न्यायिक जांच की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव
विधानसभा के बाहर उग्र हुए प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा। प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ने की कोशिश कर रहे थे जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। पुलिस को स्थिति काबू में करने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा।
BJD और कांग्रेस सहित विपक्ष का हमला
BJD ने इस मामले को लेकर बालासोर ज़िले में आठ घंटे का बंद बुलाया है। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व में आठ विपक्षी दलों ने 17 जुलाई को पूरे ओडिशा में बंद का ऐलान किया है। सभी विपक्षी दलों ने घटना की न्यायिक जांच और उच्च शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है।
कई BJD नेता गिरफ्तार, मचा सियासी भूचाल
प्रदर्शन के दौरान BJD के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा सहित कई पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। BJD नेता भृगु बक्सीपात्रा ने सरकार को घेरते हुए कहा कि ₹20 लाख मुआवजा और आरोपी की गिरफ्तारी से बात खत्म नहीं होती। सरकार को महिलाओं के लिए जवाबदेह बनना होगा।
राजधानी में सख्त सुरक्षा, गेट नंबर 1 से ही एंट्री
विधानसभा समेत लोक सेवा भवन, राजीव भवन और खरवेल भवन जैसे सरकारी संस्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। लोक सेवा भवन में प्रवेश केवल गेट नंबर 1 से ही हो रहा है और सभी आगंतुकों की पहचान की गहन जांच की जा रही है। बिना नियुक्ति के किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है।







